
x
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के कस्बे में सोमवार की शाम फल कारोबारी के घर में तेज धमाके से मकान की ऊपरी दो मंजिलें ढह गईं। हादसे में मलबे में दबने और झुलसने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना शाम करीब 5:30 बजे पीआरवी के जरिए मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। संकरी गली होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड के करीब 16 कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों की तलाश की। अभियान के दौरान सात लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया।
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सात लोगों को मलबे से निकाला गया है। इनमें चार की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति 90 प्रतिशत से अधिक झुलसा है और उसकी हालत बेहद गंभीर है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। दो अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एसपी ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ में एक सिलेंडर फटने की बात सामने आई है। मौके पर चार गैस सिलेंडर मिले हैं, जिनमें दो के फटने की बात कही जा रही है। हालांकि, विस्फोट का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। फोरेंसिक और फायर विभाग की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि धमाके की वजह से मुख्य मकान की दो मंजिलें ढह गईं। आसपास के कुछ मकानों की बीम को भी नुकसान पहुंचा है, हालांकि वहां कोई जनहानि नहीं हुई है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार, रात में मलबा हटाने के लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। बिजली विभाग और स्थानीय स्तर पर लाइट की व्यवस्था की गई है, जबकि जरूरत पड़ने पर बड़ी लाइटें भी मंगाई जाएंगी।
मलबे के भीतर किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की सूचना मिलने पर बचाव अभियान जारी रखा जाएगा। हादसे के बाद गृहस्वामी सुरेश उर्फ धुन्नर गुप्ता की भी सदमे से हालत बिगड़ गई। उन्हें भी चिकित्सकीय सहायता दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। विस्फोट क्यों और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच जारी है।
Next Story





