भारत

साइबर पुलिस ने स्टॉक ट्रेडिंग घोटाले का किया भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, दी जाती थी ये सलाह

jantaserishta.com
27 Aug 2025 3:00 PM IST
साइबर पुलिस ने स्टॉक ट्रेडिंग घोटाले का किया भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, दी जाती थी ये सलाह
x
शिकायतकर्ता ने इस ऐप को डाउनलोड कर आईपीओ के लिए आवेदन किया.
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहदरा साइबर पुलिस ने एक बड़े स्टॉक ट्रेडिंग घोटाले का पर्दाफाश किया है। शाहदरा साइबर पुलिस ने स्टॉक ट्रेडिंग घोटाले के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शाहदरा निवासी शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप 'डेली स्टॉक मार्केट ट्रेंड एक्सचेंज 2013' में जोड़ा गया था, जहां ग्रुप के एडमिन शेयर बाजार में निवेश के लिए टिप्स देते थे और '5पीआईटी ट्रेड' ट्रेडिंग ऐप के जरिए शेयर खरीदने-बेचने की सलाह दी जाती थी।
शिकायतकर्ता ने इस ऐप को डाउनलोड कर आईपीओ के लिए आवेदन किया। उन्हें उनके खाते की शेष राशि से अधिक शेयर आवंटित किए गए। जब उन्होंने ग्रुप की एडमिन नेहा से संपर्क किया, तो उसने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया कि पूर्ण भुगतान के बिना वह शेयर बेच या राशि निकाल नहीं सकते।
नेहा के कहने पर कृष्ण कुमार ने 4,97,258 रुपए का भुगतान कर दिया, लेकिन जब उन्होंने अपने मुनाफे को निकालने की कोशिश की, तो उनसे 3,50,000 रुपए और मांगे गए। तब तक उन्हें ठगी का एहसास हो गया और उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज की। इस शिकायत के आधार पर साइबर थाना शाहदरा में 1 अगस्त 2025 को धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस मामले की जांच के लिए एसएचओ साइबर थाना विजय कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। टीम ने बैंक खातों का विश्लेषण किया और पाया कि 4,97,258 रुपए की राशि एक आईडीएफसी बैंक खाते में जमा की गई थी, जो गौतमबुद्ध नगर निवासी शुभम जैन के नाम पर था। गहन जांच के बाद शुभम जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शुभम जैन ने पूछताछ में बताया कि वह एसडी एंटरप्राइजेज फर्म का मालिक है और उसने अपने पुराने दोस्त के कहने पर यह बैंक खाता खोला था। शुभम ने यह भी खुलासा किया कि इस खाते में पिछले दो महीनों में लगभग 1 करोड़ 17 लाख 47 हजार रुपए के लेनदेन हुए, जिसमें से 27 लाख रुपए की संलिप्तता इस मामले में पाई गई। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड भी बरामद किया गया, जिसमें एसडी एंटरप्राइजेज से जुड़ा ईमेल लॉगिन पाया गया। शुभम जैन को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story