भारत

क्रिकेट मैच टिकट बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी, जांच में जुटी पुलिस

Shantanu Roy
16 May 2026 5:33 PM IST
क्रिकेट मैच टिकट बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी, जांच में जुटी पुलिस
x
बड़ी खबर
Shimla. शिमला। देशभर में क्रिकेट मैच टिकट बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। साइबर हेल्पलाइन डाटा सेंटर 1930 पर पिछले कुछ दिनों से लगातार ऐसी शिकायतें दर्ज हो रही हैं, जिनमें लोगों के साथ फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए धोखाधड़ी की गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार साइबर अपराधी असली जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट तैयार कर रहे हैं। इन वेबसाइटों का डिजाइन और इंटरफेस इतना वास्तविक होता है कि आम लोग आसानी से धोखा खा जाते हैं और टिकट बुकिंग के दौरान अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी साझा कर देते हैं।

इसके बाद उनके बैंक खातों से रकम निकाल ली जाती है। जांच में सामने आया है कि अधिकतर लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखाए जा रहे आकर्षक विज्ञापनों या शेयर किए गए लिंक पर क्लिक करके इन फर्जी वेबसाइटों तक पहुंचते हैं। यही लिंक उन्हें साइबर ठगी का शिकार बना देते हैं। इसके अलावा साइबर अपराधी केवल टिकट बुकिंग ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन लॉटरी, निवेश में अधिक मुनाफा, पैसा दोगुना करने और अन्य आकर्षक ऑफर्स के नाम पर भी लोगों को लालच देकर ठग रहे हैं। ये सभी तरीके पूरी तरह से योजनाबद्ध होते हैं और लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। साइबर विभाग के अनुसार, इस तरह की घटनाओं की शिकायतें राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर लगातार बढ़ रही हैं।

कई मामलों में लोग समय पर शिकायत दर्ज नहीं कर पाते, जिससे उनकी राशि वापस पाना मुश्किल हो जाता है। पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन टिकट बुकिंग या वित्तीय लेन-देन से पहले वेबसाइट की प्रामाणिकता की अच्छी तरह जांच करें। केवल आधिकारिक और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें और किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध विज्ञापन पर क्लिक करने से बचें। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या आपातकालीन नंबर 112 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और ठगी की गई राशि को सुरक्षित किया जा सके। साइबर पुलिस का कहना है कि जागरूकता ही इस तरह की ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय है। लोग जितना सतर्क रहेंगे, साइबर अपराधियों के लिए ठगी करना उतना ही मुश्किल होगा।
Next Story