भारत

40 लाख की साइबर ठगी का पर्दाफाश, 15 महिलाओं के बैंक खातों का इस्तेमाल

SHIDDHANT
21 Nov 2026 9:49 PM IST
40 लाख की साइबर ठगी का पर्दाफाश, 15 महिलाओं के बैंक खातों का इस्तेमाल
x
साइबर ठगी में हुआ इस्तेमाल
पश्चिम बंगाल: नदिया जिले के शांतिपुर में कर्नाटक पुलिस ने 40 लाख रुपये के साइबर धोखाधड़ी मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। आरोप है कि स्थानीय महिलाओं के नाम पर कर्ज दिलाने का झांसा देकर बैंक खाते खुलवाए गए और इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया गया। पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान गौतम हालदार के रूप में हुई है, जो शांतिपुर का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, शांतिपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 स्थित रामनगर पारा की करीब 15 महिलाओं को कर्नाटक पुलिस की ओर से लगातार कानूनी नोटिस मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय तीन लोगों गौतम हालदार, अंसार शेख और बापी राजवंशी ने उन्हें कर्ज दिलाने का भरोसा देकर उनके पहचान संबंधी दस्तावेज लिए और उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए। इसके बदले प्रत्येक महिला को 2,000 रुपये दिए गए।
महिलाओं का दावा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके बैंक खातों का इस्तेमाल कर्नाटक में साइबर धोखाधड़ी के जरिए ठगी गई करीब 40 लाख रुपये की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा है। महिलाओं के अनुसार, जब उन्हें पहली बार कर्नाटक पुलिस के नोटिस मिले, तो उन्होंने गौतम हालदार से संपर्क किया। आरोप है कि हालदार ने मामले को निपटाने का भरोसा देकर प्रत्येक महिला से अतिरिक्त 1,000 रुपये भी वसूले। हालांकि, दूसरे राज्यों की पुलिस से लगातार नोटिस मिलने के बाद महिलाएं चिंतित हो गईं।
कर्नाटक पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच एक ऐसे पीड़ित की शिकायत से शुरू हुई, जिसके साथ साइबर ठगों ने करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। रकम के लेन-देन की जांच के दौरान शांतिपुर की महिलाओं के बैंक खातों के जरिए पैसे ट्रांसफर किए जाने का पता चला।
जांच के सिलसिले में कर्नाटक पुलिस ने दो नोटिस भेजे थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस टीम शनिवार को शांतिपुर पहुंची और संबंधित खाताधारकों से संपर्क किया। पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद महिलाओं ने शांतिपुर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद गौतम हालदार को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। साथ ही बैंक खातों के जरिए हुए लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
Next Story