
x
9 लाख की ठगी में इस्तेमाल हुआ बैंक खाता, आरोपी गिरफ्तार
Noida नोएडा: गौतमबुद्धनगर की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बैंक केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अभिसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता किराये पर उपलब्ध कराता था, जिसके माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय कुमार (24 वर्ष), पुत्र सुरेन्द्र कुमार, निवासी बुराड़ी, नॉर्थ दिल्ली को गिरफ्तार किया। आरोपी की शैक्षिक योग्यता नौवीं कक्षा तक बताई गई है। जांच में सामने आया कि साइबर अपराधी स्वयं को बैंक का मैनेजर बताकर लोगों को फोन करते थे और बैंक खाते की केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर उनसे गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर धोखाधड़ी करते थे।
इस ठगी के लिए अपराधियों को ऐसे बैंक खातों की जरूरत होती थी, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की जा सके। गिरफ्तार आरोपी इसी काम में उनकी मदद करता था और अपना बैंक खाता किराये पर उपलब्ध कराता था। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के बैंक खाते में इस मामले से संबंधित करीब 9 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके बदले में आरोपी को साइबर अपराधियों से 45 हजार रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त हुए थे। इस मामले में थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा साइबर ठगी के इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर आने वाले किसी भी फोन कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
Tagsग्रेटर नोएडा साइबर ठगीकेवाईसी फ्रॉडबैंक खाता किराये परसाइबर क्राइम थानाविनय कुमार गिरफ्तारऑनलाइन ठगीबैंकिंग धोखाधड़ीगौतमबुद्धनगर पुलिसकेवाईसी अपडेट स्कैमसाइबर अपराध नेटवर्कदिल्ली आरोपी गिरफ्तारडिजिटल फ्रॉडGreater Noida cyber fraudKYC fraudbank account on rentCyber Crime Police StationVinay Kumar arrestedonline fraudbanking fraudGautam Budh Nagar PoliceKYC update scamcyber crime networkDelhi accused arresteddigital fraud
Next Story





