
x
पुलिस ने पूरी रकम कराई वापस
दिल्ली। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने 50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक होटल के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) की पहचान का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप के जरिए कंपनी के फाइनेंस मैनेजर को धोखा दिया था। जालसाजों ने फाइनेंस मैनेजर से 50 लाख रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए थे। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग ने व्हाट्सएप पर होटल के मैनेजिंग डायरेक्टर का रूप धारण कर कंपनी के फाइनेंस मैनेजर से संपर्क किया। इसके बाद फर्जी पहचान के जरिए उसे विश्वास में लेकर 50 लाख रुपये एक लाभार्थी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा दिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने जांच शुरू की।
पुलिस ने फ्रीज कराए पूरे 50 लाख रुपये
जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की पूरी रकम का पता लगाकर संबंधित बैंक खाते में 50 लाख रुपये फ्रीज करवा दिए। इसके बाद अदालत के आदेश पर पूरी रकम शिकायतकर्ता को वापस कर दी गई। जांच में यह भी सामने आया कि ठगों ने अतिरिक्त 48 लाख रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने इस लेनदेन को भी रोक दिया।
महाराष्ट्र के ठाणे से दो आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने 30 अक्टूबर को महाराष्ट्र के ठाणे से अंकुश यादव (25) और समीर शेख (30) को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खाते की व्यवस्था की थी और उसका संचालन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक खाते की चेकबुक और खाते से लिंक सिम कार्ड बरामद किया है। फिलहाल पुलिस बैंक खाताधारक और इस साइबर ठगी में शामिल अन्य संदिग्ध संचालकों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Next Story





