भारत

साइबर सेल ने 5.92 करोड़ के इन्वेस्टमेंट फ्रॉड का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

jantaserishta.com
23 Nov 2025 1:15 PM IST
साइबर सेल ने 5.92 करोड़ के इन्वेस्टमेंट फ्रॉड का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
x
देशभर में फैले एक बड़े ऑर्गेनाइज्ड साइबर फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए...
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने देशभर में फैले एक बड़े ऑर्गेनाइज्ड साइबर फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए उत्तराखंड के हल्द्वानी से चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पूरे भारत में 5.92 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी करने वाले हाई-वॉल्यूम म्यूल अकाउंट्स ऑपरेट करते थे और दुबई स्थित मास्टरमाइंड के लिए काम कर रहे थे।
मामला अप्रैल 2025 में दर्ज एफआईआर नंबर 131/25 (पीएस स्पेशल सेल) से जुड़ा है, जिसमें एक पीड़ित से फेसबुक पर फर्जी महिला प्रोफाइल ('ए') के जरिए संपर्क कर सीबीसीएक्स ग्लोबल ट्रेडर्स, मुंबई नाम की कथित एनबीएफसी में 'हाई रिटर्न' इन्वेस्टमेंट का लालच दिया गया। दो महीने तक लगातार उकसाने के बाद पीड़ित से कुल 5,92,44,480 रुपए की ठगी की गई।
विस्तृत फाइनेंशियल जांच में सामने आया कि ठगी का पैसा पहले 33 अलग-अलग बैंक अकाउंट्स में बंटवाया गया, फिर कई लेयर्स में ट्रांसफर कर ट्रेल मिटाने की कोशिश की गई। साइबर सेल ने एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज 10 अन्य शिकायतों से भी कनेक्शन जोड़ा, जिसमें सिर्फ दर्ज कंप्लेंट्स में ही 1.1 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी सामने आई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम अनस अंसारी (22), मोहम्मद कैफ (22), आकिब (40) और मोहम्मद दानिश (22), हल्द्वानी शामिल हैं। दानिश दुबई-बेस्ड हैंडलर के लिए म्यूल अकाउंट जुटाता था, ओटीपी शेयर करता था, और कैश निकालकर कमीशन पर बांटता था। बाकी तीनों आरोपी अपने-अपने बैंक अकाउंट्स ठगी के पैसे को तुरंत कैश करने के लिए इस्तेमाल करते थे।
डीसीपी क्राइम ब्रांच आदित्य गौतम ने बताया कि यह एक मल्टी-टियर साइबरक्राइम सिंडिकेट है जिसमें फ्रंट-एंड फ्रॉडस्टर, लेयर-1 बिजनेस अकाउंट्स, लेयर-2 म्यूल अकाउंट्स और कैश कलेक्टर्स शामिल हैं। इस कार्रवाई से पूरे नेटवर्क को गहरा झटका लगा है।
कार्रवाई एसीपी साइबर सेल अनिल शर्मा के सुपरविजन में इंस्पेक्टर मंजीत कुमार की टीम ने की। टीम में एसआई परवेश कुमार, एएसआई कंवरपाल, हेड कांस्टेबल विपिन, अनुज, मनीष और विनोद ने तकनीकी एनालिसिस, बैंक कोऑर्डिनेशन और हल्द्वानी में टारगेटेड रेड की। सभी आरोपियों को दिल्ली लाया गया है और आगे की पूछताछ जारी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story