भारत

CWG 2022: भारत ने घाना को 11-0 से दी शिकस्त

Rounak Dey
31 July 2022 5:29 PM GMT
CWG 2022: भारत ने घाना को 11-0 से दी शिकस्त
x

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 मे अपने अभियान का शानदार आागाज किया है. रविवार को ग्रुप-बी के अपने पहले मुकाबले में भारत ने घाना को 11-0 से करारी मात दी. भारतीय टीम की जीत में उप-कप्तान हरमनप्रीत सिंह का अहम योगदान रहा जिन्होंने हैट्रिक (3 गोल) लगाई. वहीं जुगराज सिंह ने भी शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल दागे. जबकि अभिषेक, आकाशदीप सिंह, शमशेर सिंह, मंदीप सिंह, नीलकांत शर्मा, वरुण कुमार ने एक-एक गोल स्कोर किया. अब भारतीय टीम अपने अगले मैच में सोमवार (1 अगस्त) को इंग्लैंड का सामना करेगी.

ऐसा रहा पहला दो क्वार्टर...
अभिषेक ने पहले ही मिनट में शानदार गोल दाग भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई थी. इसके बाद ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह (10वें) ने भारत के लिए दूसरा गोल दाग दिया. इसके बाद 14वें मिनट में शमशेर सिंह ने गोल दाग भारतीय टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी. दूसरे क्वार्टर में भारत की ओर से आकाशदीप सिंह (20वें) और जुगराज सिंह (22वें) ने गोल दाग भारत को 5-0 से आगे कर दिया.
अंतिम दो क्वार्टर में भी दिखाया दम
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने कुल चार गोल दागे जिसके चलते उसकी बढ़त 9-0 हो गई. तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह (35वें), नीलकांत शर्मा (38वें), वरुण कुमार (39वें) और जुगराज सिंह (43वें मिनट) ने स्कोर किया. आखिरी क्वार्टर में मंदीप सिंह (48वें) और हरमनप्रीत सिंह (53वें मिनट) ने गोल दागकर भारत को 11-0 की बढ़त दिला दी.
इतिहास रचना चाहेगी हॉकी टीम
भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कोशिश पहली बार इन खेलों में गोल्ड मेडल जीतने की है. कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का बेस्ट प्रदर्शन 2010 (दिल्ली) और 2014 (ग्लास्गो) में रहा जब उसने रजत पदक अपने नाम किया था. वहीं 1998 और 2018 के खेलों में भारत चौथे स्थान पर रहा था. मनप्रीत सिंह की ही कप्तानी में भारत ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक अपने नाम किया था. ऐसे में कॉमनवेल्थ में इस बार गोल्ड मेडल की आस है.


Rounak Dey

Rounak Dey

    Next Story