भारत

DJ वाहन में फैली करंट, 8 कांवड़ियों की मौत

Nilmani Pal
5 Aug 2024 1:10 AM GMT
DJ वाहन में फैली करंट, 8 कांवड़ियों की मौत
x
बड़ी घटना

बिहार। वैशाली जिले के हाजीपुर में रविवार की रात दर्दनाक हादसा हुआ। पहलेजा स्थित गंगा नदी से जल लेकर आ रहे 8 कांवरियों की झुलसकर मौत हो गई। घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में (नाइपर के सामने) रविवार की रात करीब 11.40 बजे की है। हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आने से 8 कांवरियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। कांवरियों का जत्था पहलेजा घाट से गंगाजल भरने और बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक करने के लिए निकला था। हादसे में मृत कांवरिए जेठुई गांव के रहने वाले हैं।

कांवरियों का जुलूस गांव से करीब 500 मीटर दूर बढ़ा होगा कि हादसा हो गया। एक ट्रॉली पर डीजे और साउंड सिस्टम सेट किया हुआ था, जो 11 हजार वोल्ट के तार से सट गया। इससे पूरी ट्रॉली में 11 हजार वोल्ट का करंट फैल गया और इसकी चपेट में कांवरिए आ गए। करंट लगने से 8 कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं छह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्थिति ठीक नहीं है। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

इस मामले में हाजीपुर एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि डीजे ट्राली में बांधकर ले जाने के दौरान 11 हजार वोल्ट के तार में माइक सट गया, जिससे ट्राली में करंट फैल गया और आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में झुलसे लोगों में दो ज्यादा गंभीर हैं। कांवरियों का जत्था हर साल पहलेजा घाट से जल भरकर बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक के लिए जाता है।


Next Story