भारत

कडप्पा सांसद अस्पताल में, अग्रिम जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

jantaserishta.com
23 May 2023 10:37 AM IST
कडप्पा सांसद अस्पताल में, अग्रिम जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज
x
कुरनूल (आंध्र प्रदेश) (आईएएनएस)| पूर्व मंत्री वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में सीबीआई के घेरे में आए कडप्पा के सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी, कुरनूल के एक अस्पताल में हैं, जहां उनकी मां का इलाज चल रहा है। उधर, सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने की खबरों के बीच सांसद के समर्थकों ने रात भर विश्वभारती अस्पताल के बाहर धरना दिया। यह घटनाक्रम सोमवार सुबह तब शुरू हुआ, जब सीबीआई की एक टीम कुरनूल पहुंची और शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत की। जैसे ही यह बात फैली कि सीबीआई सांसद को गिरफ्तार कर सकती है, बड़ी संख्या में उनके समर्थक और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के कार्यकर्ता अस्पताल के पास जमा हो गए।
विपक्षी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने आरोप लगाया है कि राज्य पुलिस अविनाश रेड्डी को गिरफ्तार करने में सीबीआई के साथ सहयोग नहीं कर रही है। तनावपूर्ण स्थिति के बीच सीबीआई के अगले कदम पर सस्पेंस बरकरार है। केंद्रीय एजेंसी अविनाश रेड्डी की अग्रिम जमानत याचिका के नतीजे का इंतजार कर सकती है, जो मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है।
अविनाश रेड्डी की मां वाई.एस. लक्ष्मी का विश्व भारती अस्पताल में दिल की बीमारी का इलाज चल रहा है। पांचवें दिन वह अपनी मां के साथ अस्पताल में रहे। कडप्पा सांसद ने सीबीआई को पत्र लिखकर अपनी मां की हालत को देखते हुए पेश होने के लिए 27 मई तक छूट देने की मांग की है।
सीबीआई को लिखे पत्र में सांसद ने लिखा है कि उनके पिता वाई.एस. भास्कर रेड्डी न्यायिक हिरासत में है और इकलौता बेटा होने के नाते इस नाजुक समय में मां की देखभाल करने की जिम्मेदारी उनकी है। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की मां वाई.एस. विजयम्मा सोमवार शाम को अविनाश रेड्डी की मां का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचीं।
सांसद 16 मई और 19 मई को हैदराबाद में सीबीआई के सामने पेश नहीं हुए थे। 16 मई को, उन्होंने कारण के रूप में पुलिवेंदुला में पूर्व-निर्धारित आधिकारिक व्यस्तताओं का हवाला दिया और चार दिनों का समय मांगा। 19 मई को बताया कि वह सीबीआई के समख पेश नहीं हो पाएंगे, क्योंकि उनकी मां बीमार हैं। सांसद, जो हैदराबाद में थे, कडप्पा जिले में अपने गृह नगर पुलिवेंदुला के लिए रवाना हुए और अपनी मां को कुरनूल अस्पताल में भर्ती कराया। तब से वह अस्पताल में ही रह रहे हैं।
केंद्रीय एजेंसी ने 19 मई को एक नया नोटिस जारी किया था, जिसमें उन्हें 22 मई को उसके हैदराबाद कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया था। सांसद ने एक बार फिर अपनी मां की तबीयत खराब होने के कारण पेश होने में असमर्थता जताई है। पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी के भाई व जगन मोहन रेड्डी के चाचा विवेकानंद रेड्डी की 15 मार्च, 2019 को पुलिवेंदुला स्थित उनके आवास पर हत्या कर दी गई थी।
सीबीआई ने पिछले महीने अविनाश रेड्डी के पिता वाई.एस. राजशेखर रेड्डी के चचेरे भाई भास्कर रेड्डी को मामले में गिरफ्तार किया था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story