भारत

राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की तैयारी में जुटे CRPF जवान की डेंगू से मौत, 43 जवान संक्रमित

SHIDDHANT
8 Oct 2026 12:10 AM IST
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की तैयारी में जुटे CRPF जवान की डेंगू से मौत, 43 जवान संक्रमित
x
गांधीनगर। गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की तैयारियों के लिए पहुंचे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 26 वर्षीय जवान अमल बर्मन की डेंगू से मौत हो गई। वह असम के रहने वाले थे। गांधीनगर सिविल अस्पताल की रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर डॉ. विपुला पंड्या ने इसकी पुष्टि की है। इसी के साथ डेंगू पॉजिटिव पाए गए जवानों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। डॉ. पंड्या के मुताबिक, अमल बर्मन पहली बार 3 अक्टूबर को अस्पताल पहुंचे थे। जांच में उनकी डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उस समय उनकी हालत स्थिर थी और अन्य जांच रिपोर्ट भी संतोषजनक थीं, इसलिए उन्हें दवा और आराम की सलाह देकर भेज दिया गया था।
तीन दिन बाद बिगड़ी तबीयत
तीन दिन बाद अमल बर्मन की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल लाया गया। जांच में उनके प्लेटलेट्स कम पाए गए, जिसके बाद उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। आरएमओ के अनुसार, बुधवार तड़के उन्हें सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई। इसके बाद उनकी हालत और बिगड़ी और बाद में उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि बर्मन उन जवानों में शामिल थे, जो 31 अक्टूबर को एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की तैयारियों के लिए गुजरात आए थे।
43 जवान डेंगू पॉजिटिव
गांधीनगर सिविल अस्पताल में डेंगू से संक्रमित जवानों की संख्या लगातार बढ़ी है। पहले 24 जवानों के संक्रमित होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 43 हो गई है। डॉ. पंड्या ने स्पष्ट किया कि यह संख्या अस्पताल के इनडोर वार्ड में भर्ती मरीजों की है। इसमें ओपीडी में इलाज करा रहे या केवल संदिग्ध मरीज शामिल नहीं हैं। कुछ अन्य जवानों को भी बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। उनकी जांच भी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जवानों के अस्थायी आवास और परेड ग्राउंड के आसपास फॉगिंग, एंटी-लार्वा अभियान और बुखार सर्वेक्षण तेज करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने सरकारी आवासों के प्रत्येक ब्लॉक में चार स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती करने और परिसर में पानी जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को जवानों की नियमित स्वास्थ्य जांच और डेंगू के लक्षण वाले मरीजों की निगरानी करने को भी कहा गया है।
गुजरात में डेंगू के 2,345 मामले
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्ष 2026 के 40वें सप्ताह तक डेंगू की जांच के लिए 42 विशेष जांच केंद्रों में 1.50 लाख से अधिक सीरम नमूनों की जांच की गई। इनमें 2,345 मामले पॉजिटिव पाए गए।
इसी अवधि में मलेरिया की जांच के लिए 1.39 करोड़ से अधिक रक्त नमूनों की जांच हुई, जिनमें 1,401 मामले सामने आए।
Next Story