भारत
नवरात्र पर मंदिरों में भीड़, मां के जयकारों से गूंजे शक्तिपीठ
Shantanu Roy
18 Oct 2026 3:23 PM IST

x
Chamunda. चामुंडा। शक्तिपीठ मां बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सातवें नवरात्रे के दिन लगभग 5000 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, छठे नवरात्र के दिन श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में 534856 रुपए का चढ़ावा अर्पित किया गया। मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि एसडीएम कांगड़ा डा. अंजलि गर्ग के दिशा-निर्देशों के अनुसार श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मां के दर्शन करवाए जा रहे हैं। मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था पर निरंतर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उधर, अष्टमी की रात श्रीचामुंडा नंदिकेश्वर धाम में मां चामुंडा का विशेष निशीत पूजन किया जाएगा। इस दौरान मां के पुराने सिंदूर को उतारकर उन्हें नया सिंदूर व शृंगार अर्पित किया जाएगा।
धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े इस विशेष अनुष्ठान के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिलेगा। अष्टमी के पावन अवसर पर मां चामुंडा को 108 प्रकार के देसी घी से तैयार व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। अष्टमी पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे खोल दिए जाएंगे, जबकि रात एक बजे मंदिर के कपाट बंद होंगे। इस दौरान श्रद्धालु मां चामुंडा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में आश्विन माह के शरद कालीन नवरात्रि के छठे दिन मां के भक्तों ने कुल मिलाकर सात लाख 17000 का नकद चढ़ावा मां ज्वालामुखी के चरणों में अर्पित किया। मंदिर अधिकारी तहसीलदार अजय मांड्याल ने बताया कि मां के भक्तों ने शांतिपूर्ण माहौल में लाइनों में लगकर मां के जयकारे लगाते हुए गर्भ गृह में अखंड ज्योति के दर्शन किए और पुण्य फल प्राप्त किया।
Next Story





