भारत

मगरमच्छ ने महिला के ऊपर किया हमला, मौत

Admin2
4 Sept 2022 7:16 PM IST
मगरमच्छ ने महिला के ऊपर किया हमला, मौत
x
पढ़े पूरी खबर

बहराइच जिले में स्थित कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज के सदर बीट में बह रही गेरुआ नदी के किनारे बकरी चराने गई महिला को प्यास लगी। नदी से पानी भरते समय मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। उसके जबड़े में पैर आ जाने से वह महिला को नदी में खींच ले गया। जान बचाने के लिए महिला 15 मिनट तक संघर्ष करती रही। जब तक मदद मिलती, उसकी मौत हो गई। मगरमच्छ महिला का एक पैर ही चबा गया। सूचना पाकर प्रभावित गांव में पुलिस व वन विभाग की टीम पहुंच गई है।

मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चहलवा के रामवृक्षपुरवा की 50 वर्षीय सीमा सिंह पत्नी दीपक सिंह रविवार को गेरुआ नदी के किनारे बकरी चराने गई थी। स्वजनों का कहना है कि प्यास लगने पर वह नदी में पानी भर रही थी, तभी घात लगाकर मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। मगरमच्छ के जबड़े में आने से वह चिल्लाने लगी।
आसपास मौजूद लोग दौड़कर आते तब मगरमच्छ उसे गहरे पानी में खींच ले गया। मगरमच्छ के जबड़े से बचने के लिए महिला जूझती रही। आखिरकार मदद पहुंचने से पहले ही वह जिंदगी की जंग हार गई। सूचना पाकर परिवार के लोग पहुंचे। जैसे-तैसे महिला के शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस व वन विभाग की टीम भी सूचना मिलने पर पहुंच गई। ग्रामीणों को नदी के आसपास व पानी भरने से दूर रहने को कहा गया है।
कतर्नियाघाट डीएफओ आकाशदीप बधावन का कहना है कि पानी भरते समय मगरमच्छ के हमले में महिला की मौत हो गई। वन विभाग की टीम गांव में पहुंच गई है। सभी पहलुओं की जांच हो रही है। इसके बाद आगे कदम उठाया जाएगा।
Next Story