भारत

अपराधियों ने जेवर दुकान के मालिक को मारी गोली, फैली सनसनी

jantaserishta.com
18 April 2025 3:00 PM IST
अपराधियों ने जेवर दुकान के मालिक को मारी गोली, फैली सनसनी
x

फोटो: सोशल मीडिया

एक्शन में पुलिस.
रांची: रांची में अपराधियों ने एक बार फिर कारोबारी को निशाना बनाया है। रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर बाजार में शुक्रवार दोपहर दो अपराधियों ने आकाश ज्वेलर्स के मालिक बसंत कुमार को उनकी दुकान में घुसकर उन पर गोली चलाई। गोली उनके कंधे में लगी है और उन्हें इलाज के लिए सिटी हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है।
अपराधियों का मकसद दुकान में लूटपाट करना था या फिर किसी रंजिश में गोलीबारी की गई है, यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कारोबारी बसंत कुमार का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे के बाहर बताई है।
बसंत कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वह चटकपुर स्थित अपनी दुकान में अकेले बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे। एक अपराधी ने रिवॉल्वर दिखाते हुए उन्हें तिजोरी खोलने को कहा। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए अपराधी का मुकाबला किया तो उन पर फायरिंग कर दी गई। उन्होंने झुककर खुद को बचाने की कोशिश की। गोली उनके कंधे के ऊपरी हिस्से में लगी।
गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े तो अपराधी भागने लगे। स्थानीय लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे बाइक से भागने में सफल रहे। घायल बसंत कुमार को हॉस्पिटल पहुंचाने के बाद स्थानीय लोगों ने रातू थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी। रातू के थानेदार रामनारायण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
करीब 20 दिन पहले रांची में पंडरा ओपी के ‘रवि स्टील’ के पास जूते की दुकान चलाने वाले भूपल साहू की हत्या उस वक्त कर दी गई थी, जब वह अपनी दुकान में अकेले बैठे थे। अपराधी उनकी दुकान में ग्राहक के रूप में पहुंचे और इसके बाद अचानक उन्हें पकड़कर धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया था। बाद में पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी को गिरफ्तार किया था। इसके पहले रांची के कांके चौक पर भाजपा नेता अनिल टाइगर की भी अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story