भारत

क्राइम ब्रांच ने नकली नोट ठग गिरोह का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
14 Aug 2025 3:37 PM IST
क्राइम ब्रांच ने नकली नोट ठग गिरोह का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
Mumbai/New Delhi. मुंबई/नई दिल्ली। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने एक ऐसे ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को असली नोटों के बदले तीन गुना नकली नोट देने का लालच देकर ठगी करता था। यह कार्रवाई विक्रोली बस डिपो के सामने उस समय की गई, जब आरोपी सौदेबाजी के लिए पहुंचे थे। मालाड निवासी पुरुषोत्तम जाधव ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
गुप्त सूचना पर जाल बिछाया
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक लाख रुपए के असली नोट लेकर तीन लाख रुपए के नकली नोट देने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-6 की टीम ने योजना बनाई और विक्रोली बस डिपो के पास जाल बिछाया। जैसे ही चारों आरोपी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:
मोहम्मद मोसिन अबु बिलाल चौधरी
मोहम्मद नफीज अब्दुल रऊफ खान उर्फ जावेद
सईद तबारक हुसैन सिद्दीकी उर्फ सईद बंटाय
मंजर इबने इस्माइल सोंडे
बरामदगी और चौंकाने वाला खुलासा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 100 रुपए के 200 नकली नोट बरामद किए, जिन पर “भारतीय बच्चों का बैंक” लिखा हुआ था। इसके अलावा, एक वैगनआर कार, छह मोबाइल फोन और नकद रुपए समेत कुल ₹6,35,725 का माल जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मुंबई के बीकेसी, दिंडोशी, पनवेल और रायगढ़ पुलिस थानों में पहले से ही ठगी, धोखाधड़ी और गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस कस्टडी में भेजे गए
गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 18 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अन्य कौन-कौन लोग इसमें शामिल हैं और इस ठगी का जाल किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
पहले भी हुआ था बड़ा खुलासा
गौरतलब है कि 1 अगस्त को महाराष्ट्र के अहमदनगर पुलिस ने नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान पुलिस ने 60 लाख रुपए के नकली नोट बरामद करते हुए 7 लोगों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी लालच में न आएं, जिसमें असली पैसे के बदले ज्यादा रकम देने की पेशकश की जाए। साथ ही, नकली नोट से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि इस तरह के गिरोहों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।
Next Story