भारत
क्राइम ब्रांच ने 2020 डकैती केस के फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
18 May 2026 5:42 PM IST

x
बड़ी खबर
Delhi. दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वर्ष 2020 के एक सनसनीखेज डकैती मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी ब्रह्मदेव भगत को बिहार के पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब 5 वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था और अदालत द्वारा उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 15 मई को उसके बिहार में छिपे होने की सूचना पाई और 17 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी क्राइम ब्रांच की NDR टीम ने इंस्पेक्टर योगेश और इंस्पेक्टर विनोद यादव के नेतृत्व में की। टीम लंबे समय से आरोपी के ठिकानों पर नजर रख रही थी और कई बार उसके लोकेशन बदलने के कारण वह पुलिस को चकमा देने में सफल रहा था। लेकिन इस बार मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। यह मामला 17 मार्च 2020 का है, जब इवेंट मैनेजर सुरिंदर नंदा को एक बड़ी पार्टी बुकिंग के लिए कॉल आया था। इसके बाद उन्होंने अपने मैनेजर कपिल चड्ढा को द्वारका भेजा। वहां मौजूद लोगों ने सुरिंदर को स्वयं बुलाने की बात कही और रात करीब 8 बजे वह द्वारका सेक्टर-23 पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्हें एक मारुति कार से अंधेरे में एक मकान तक ले जाया गया।
पुलिस जांच के अनुसार, उस मकान में सुरिंदर नंदा का पुराना सब्जी सप्लायर ब्रह्मदेव भगत अपने तीन साथियों के साथ मौजूद था। आरोपियों ने पहले सुरिंदर पर डंडों से हमला किया और बाद में चाकू की नोक पर उन्हें बंधक बना लिया। पीड़ित से हीरे की अंगूठी और 27 हजार रुपये लूट लिए गए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर 11 लाख रुपये के फर्जी सब्जी बिल पर जबरन हस्ताक्षर करवाए गए। मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि वारदात के दौरान ब्रह्मदेव भगत ने चाकू से पीड़ित सुरिंदर नंदा के दोनों अंगूठे काट दिए, जिससे मामला अत्यंत गंभीर और संवेदनशील बन गया था। इस घटना ने उस समय पूरे दिल्ली में सनसनी फैला दी थी।
इस केस में पहले ही तीन आरोपी जितेंद्र, अमरदीप और गौतम को गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन मुख्य आरोपी ब्रह्मदेव भगत फरार हो गया था। तभी से वह लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग शहरों में रह रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले आजादपुर मंडी में सब्जी का थोक व्यापारी था और बाद में बिहार के पूर्णिया में किराना दुकान चलाने लगा था। डीसीपी क्राइम पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान उसने किन-किन लोगों की मदद ली और क्या वह किसी अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल रहा है।
Tagsदिल्ली क्राइम ब्रांचब्रह्मदेव भगत गिरफ्तारी2020 डकैती केसपूर्णिया गिरफ्तारीद्वारका लूटकांडसुरिंदर नंदा हमलाफरार आरोपी गिरफ्तारदिल्ली पुलिस कार्रवाईदिल्ली पुलिसDelhi Crime BranchBrahmdev Bhagat arrested2020 robbery casePurnia arrestDwarka robberySurinder Nanda attackabsconding accused arrestedDelhi Police actionDelhi Police
Next Story





