भारत

क्राइम ब्रांच ने छेनू गैंग के दो बदमाशों को किया गिरफ्तार

jantaserishta.com
11 March 2026 2:32 PM IST
क्राइम ब्रांच ने छेनू गैंग के दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
x
बड़ी कार्रवाई.
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात छेनू गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राशिद उर्फ सोनू और फहीम उर्फ डैनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, पांच कारतूस और एक कार बरामद की है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छेनू गैंग से जुड़े कुछ बदमाश रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-1 टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने कुछ देर बाद एक ग्रे रंग की टाटा पंच कार को संदिग्ध हालात में देखा। टीम ने जब कार को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार दोनों आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कुछ दूरी तक पीछा किया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें एक पिस्टल में चार कारतूस और देसी कट्टे में एक कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा जिस कार में दोनों आरोपी सवार थे, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राशिद उर्फ सोनू एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 21 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। इतना ही नहीं, वह राजस्थान के जयपुर स्थित विधायकपुरी थाने में दर्ज 70 लाख रुपए की ज्वेलरी चोरी के मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक मामलों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों आरोपी दिल्ली में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story