भारत
अपनी ही किडनैपिंग की झूठी कहानी रची, गलत स्पेलिंग की वजह से पुलिस को मिली सफलता
jantaserishta.com
8 Jan 2025 2:22 PM IST

x
सांकेतिक तस्वीर
आरोपी गिरफ्तार.
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले (Hardoi) में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां एक शख्स ने अपनी ही किडनैपिंग की झूठी कहानी रची. इस साजिश का पर्दाफाश तब हुआ, जब फिरौती की चिट्ठी में 'death' शब्द को गलत तरीके से 'deth' लिखा गया. पुलिस ने सुराग मिलने के बाद इस पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
एजेंसी के अनुसार, 5 जनवरी को हरदोई के बंदराहा गांव के रहने वाले ठेकेदार संजय कुमार के पास एक अनजान नंबर से फिरौती के लिए मैसेज आया. इसमें उनके छोटे भाई संदीप की रिहाई के बदले 5,000 रुपये की मांग की गई थी. फिरौती के लिए आए मैसेज में लिखा था कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो संदीप की 'deth; हो जाएगी. इसी के साथ 13 सेकंड का वीडियो भी भेजा गया, जिसमें संजय का भाई रस्सी से बंधा हुआ नजर आ रहा था.
हरदोई के पुलिस अधीक्षक (SP) नीरज कुमार जादौन ने बताया कि चिट्ठी में 'death' की गलत स्पेलिंग से लगा कि मामला संदिग्ध है. इसके पीछे कोई कम पढ़ा-लिखा व्यक्ति हो सकता है. इसके अलावा फिरौती की रकम केवल 5,000 रुपये होने और संजय कुमार की किसी से दुश्मनी न होने की वजह से मामले में और शक बढ़ गया.
इस मामले में पुलिस ने संदीप के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की और उसे रूपापुर इलाके से पकड़ लिया. जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो शक हुआ. पुलिस ने संदीप से अपनी ही फिरौती की चिट्ठी लिखने को कहा. जब संदीप ने चिट्ठी लिखी तो उसमें उसने फिर से 'death' को 'deth' लिख दिया. इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपनी किडनैपिंग की झूठी कहानी कबूल कर ली.
संदीप ने बताया कि उसने 'CID' सीरियल देखकर यह प्लान बनाया था. संदीप गन्ना खरीद केंद्र में काम करता है. हाल ही में 30 दिसंबर को उसकी बाइक एक बुजुर्ग व्यक्ति से टकरा गई थी, जिससे बुजुर्ग का पैर टूट गया था. पीड़ित पक्ष ने उससे मुआवजे की मांग की थी, जिसके लिए वह पैसे जुटाने की कोशिश कर रहा था. पूरे मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर लिया है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





