
x
टप्पेबाज गैंग के खिलाफ चमोली पुलिस का एक्शन
Chamoli चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय संगठित गिरोह के खिलाफ चमोली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इसके तहत पुलिस ने गिरोह के गैंग लीडर सुनील कुमार को देवप्रयाग से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था।
जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को कोतवाली श्री बद्रीनाथ में बीएनएस की कई धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना आगे बढ़ने पर पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी किसी सामान्य या बिखरे हुए समूह का हिस्सा नहीं, बल्कि एक सुसंगठित अंतरराज्यीय गिरोह के रूप में योजनाबद्ध तरीके से घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार निवासी भटिंडा, पंजाब, उम्र 28 वर्ष, दिया निवासी मोरमण्डी, भटिंडा, पंजाब, उम्र 25 वर्ष, सुनील कुमार निवासी भरतपुर, राजस्थान और हाल निवासी भटिंडा, पंजाब, उम्र 26 वर्ष तथा ललित कुमार निवासी अलवर, राजस्थान, उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ में गिरोह की आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्यों ने केवल बद्रीनाथ धाम क्षेत्र को ही अपना निशाना नहीं बनाया, बल्कि केदारनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं के साथ टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
इस संबंध में थाना सोनप्रयाग में भी अभियोग पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में सामने आए तथ्यों से गिरोह की संगठित और अंतरराज्यीय आपराधिक गतिविधियों की पुष्टि हुई। चमोली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विस्तृत गैंगचार्ट तैयार किया। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट से गैंगचार्ट का अनुमोदन प्राप्त किया गया और गिरोह तथा उसके सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी और तकनीकी निगरानी तथा जमीनी स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं को आपस में जोड़ते हुए गिरोह के गैंग लीडर तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस के मुताबिक, लगातार की गई तकनीकी निगरानी के आधार पर गैंग लीडर सुनील कुमार, निवासी भरतपुर, राजस्थान और हाल निवासी भटिंडा, पंजाब, उम्र 26 वर्ष को 11 सितंबर 2026 को देवप्रयाग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Next Story





