भारत

नशा तस्करी पर शिकंजा, चंडीगढ़-अमृतसर से दो मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

Shantanu Roy
17 May 2026 3:19 PM IST
नशा तस्करी पर शिकंजा, चंडीगढ़-अमृतसर से दो मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
x
Shimla. शिमला। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ और अमृतसर से दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए कुल 29 नेटवर्क ध्वस्त करने का दावा किया है। एएसपी शिमला अभिषेक के अनुसार, पुलिस अब केवल छोटे स्तर के पेडलरों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही है।
पहला मामला थाना कुमारसैन से जुड़ा है, जहां 13 मई 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने शिमला निवासी निखिल ठाकुर और सुलभ थापा को गिरफ्तार किया था। निखिल ठाकुर पेशे से अधिवक्ता बताया गया है और वह चौड़ा मैदान शिमला का निवासी है, जबकि सुलभ थापा टुटीकंडी क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य और वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण किया, जिसमें यह सामने आया कि यह नशे की खेप चंडीगढ़ निवासी आकाश द्वारा सप्लाई की गई थी। इसके बाद 15 मई को पुलिस थाना ढली की टीम ने चंडीगढ़ में दबिश देकर आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा मामला थाना रामपुर से संबंधित है, जहां 9 मई 2026 को दर्ज केस में तीन आरोपियों रोहित चौहान, तुषार वर्मा और प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 9 ग्राम चिट्टा और डिस्पोजेबल सिरिंज बरामद हुई थीं।
इस मामले की आगे की जांच में सामने आया कि यह नशा अमृतसर निवासी अमनदीप सिंह द्वारा सप्लाई किया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने 15 मई को अमृतसर में दबिश देकर अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। एएसपी अभिषेक ने बताया कि पुलिस लगातार बैकवर्ड लिंकिज के आधार पर नेटवर्क की तह तक पहुंच रही है, जिससे बड़े सप्लायर और अंतरराज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 29 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि शिमला और आसपास के क्षेत्रों में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्त रणनीति अपनाई जा रही है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे नशे के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। वहीं पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Next Story