गौ तस्कर में एनकाउंटर का खौफ दिखा, गोली नहीं मारने गिड़गिड़ाया

यूपी। बरेली में गौकशी के आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही. सोमवार के बाद मंगलवार को भी पुलिस ने हाफ एनकाउंटर के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वे दर्द से कराहते हुए अपनी गलती मानते हुए माफी मांगने लगे. यह घटना भोजीपुरा थाना क्षेत्र की है.
दरअसल, बरेली में हाल ही में गौवंश के अवशेष मिलने के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला था. लगातार विरोध और हंगामा हुआ. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गौ तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू हुआ. पिछले तीन दिनों से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि शकील पुत्र वकील अहमद, जो धारा टांडा का निवासी है, गंगापुर के जंगलों में छिपा हुआ है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की. पुलिस का कहना है कि जब टीम ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें शकील और उसके साथी सलीम उर्फ कालिया के पैर में गोली लग गई. हाफ एनकाउंटर के दौरान पुलिस की गोली जैसे ही आरोपियों के पैर में लगी तो वह माफी मांगते हुए गिड़गिड़ाने लगे, आरोपी कहने लगे कि गलती हो गई, अब गलती नहीं करेंगे.
घायल हालत में दोनों को मौके से पकड़ लिया गया. तलाशी ली गई तो उनके पास से तमंचे, कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं. उनके खिलाफ कई केस दर्ज हैं. सलीम उर्फ कालिया पर करीब आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं.





