भारत

आजम खान की फिटनेस चेक करने कोर्ट ने दिए निर्देश

Nil dhankar
19 April 2023 7:45 AM IST
आजम खान की फिटनेस चेक करने कोर्ट ने दिए निर्देश
x

दिल्ली. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान राजधानी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं. इसी बीच रामपुर की एमपी एमएलए कोर्ट ने एम्स के डायरेक्टर को पत्र लिखकर आजम खान की जांच करने और फिटनेस चेक करने को कहा है. दरअसल, आजम खान के वकील ने कोर्ट को उनके अस्वस्थ होने और दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी थी. इसी पर कोर्ट ने ये आदेश दिया है.

कोर्ट ने एम्स डायरेक्टर को कहा है कि आजम खान की जांच की जाए कि क्या वे एससी एसटी के एक मुकदमे के संबंध में वॉयस सैंपल देने के लिए फिट हैं. अगर वह वॉयस सैंपल दे सकते हैं तो 8 मई 2023 को लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जाकर वॉयस सैंपल दें. सरकारी वकील प्रताप मौर्य ने बताया कि रामपुर में एससी एसटी का एक मुकदमा चल रहा है. आरोप है कि आजम ने एक नेता के खिलाफ चुनाव के समय में जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था. अब इस नेता का निधन हो गया. इस केस में आजम खान को वॉयस सैंपल देना था. इसके लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ की एक टीम भी कोर्ट के आदेश पर रामपुर पहुंची थी. लेकिन कोर्ट में आजम के वकील ने बताया कि उनकी तबीयत खराब है और उन्हें हर्निया की प्रॉब्लम है. इन्हीं का ऑपरेशन कराने के लिए आजम सर गंगाराम दिल्ली में एडमिट हुए हैं.

इस पर कोर्ट ने एम्स के निर्देशक को पत्र लिखा है. इसमें लिखा है कि एम्स के निर्देशक सर गंगाराम अस्पताल के निर्देशक से बात करके आजम खान की फिटनेस चेक करें और यह पता लगाएं कि क्या वे वॉयस सैंपल देने के लिए फिट हैं. आजम खान 27 महीने बाद 20 मई, 2022 को सीतापुर जेल से जमानत पर रिहा हुए थे. सीतापुर जेल में भी आजम की दो बार तबीयत बिगड़ी थी. दोनों बार उन्हें लखनऊ के मेदांता में भर्ती कराया गया था. 2021 में आजम खान कोरोना संक्रमित भी हो गए थे.


Next Story