भारत
अदालत का आदेश...विरोध के बीच दफन महिला के शव को फिर बाहर निकाला, सन्न रह गया इलाका
jantaserishta.com
27 March 2024 8:24 AM IST

x
अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट महिला की मौत का राज खोलेगी।
खटीमा: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पहुंची संयुक्त टीम ने लोगों के हल्के विरोध के बीच कब्रिस्तान में दफन महिला के शव को बाहर निकाला। शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट महिला की मौत का राज खोलेगी।
केलाखेड़ा के वार्ड नंबर-4 निवासी नफीसा पत्नी गुलाम हुसैन की 19 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मौत के बाद परिजनों ने नफीसा के शव को स्थानीय कब्रिस्तान में दफन कर दिया था। वहीं मृतका के परिजनों ने केलाखेड़ा थाने में महिला की हत्या करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की थी।
वहीं कार्रवाई नहीं होने के बाद मृतका के भाई मोबिन अली ने कोर्ट में शिकायत देकर मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने तथा मुकद्मा दर्ज करने की मांग की थी। वहीं लंबे समय बाद कोर्ट के आदेश पर बीती 13 मार्च को केलाखेड़ा पुलिस ने आरोपी पति गुलाम हुसैन, पहली पत्नी की बेटी निशा और गांव बहादुर का माजरा थाना स्वार रामपुर यूपी निवासी सीमा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
तहसीलदार अक्षय भट्ट ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आज संयुक्त टीम ने केलाखेड़ा के कब्रिस्तान में पहुंचकर कब्र से महिला के शव को निकाला है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी जाएगी।
मृतका नफीसा के भाई गदरपुर के वार्ड नंबर 6/9 निवासी मोविन अली के अनुसार उसके बहनोई गुलाम हुसैन और उसकी पहली पत्नी की बेटी निशा भी उसकी बहन नफीसा से मारपीट करती थी। मोविन ने आरोप लगाया कि 19 जनवरी 2024 को उसकी बहन नफीसा की हत्या कर दी गई।
मायके वालों को बिना बताए नफीसा के शव को दफन कर दिया गया। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर उन्होंने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया था। 20 जनवरी को उसने केलाखेड़ा थाना और 25 जनवरी को डाक से एसएससी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी नई दिल्ली को ऑनलाइन शिकायत की थी। इन सब जगह से कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय की शरण ली गई।
कब्र से शव को बाहर निकालने को लेकर की जा रही कार्रवाई से केलाखेड़ा मुस्लिम समाज के लोगों में रोष देखने को मिला। लोगों का कहना था कि जब मौत हुई थी तभी उसका पोस्टमार्टम कराना चाहिए था, लेकिन अब कब्र को पुन खोदकर शव को बाहर निकाला जाना सही नहीं है।
कार्रवाई शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तान में जुट गए। लोगों को कंट्रोल करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों के विरोध को देखते हुए एसओ ललित मोहन रावल ने सभी लोगों को कोर्ट के आदेश का पालन करने की बात कही और न मानने पर मुकद्मा तक लिखने की चेतावनी दी।
काफी देर बाद पुलिस ने कब्रिस्तान में जमे लोगों को बाहर निकालकर गेट को बंद कर दिया। इसके बाद कार्रवाई शुरू हुई। वहीं इस कार्रवाई को देखने के लोग छतों और दीवारों पर चढ़े रहे।
Tagsखटीमाखटीमा न्यूज़खटीमा पुलिसकब्रिस्तानपोस्टमार्टमKhatimaKhatima NewsKhatima PoliceGraveyardPost Mortem
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





