भारत

देश की राजधानी दिल्ली को 2023 में मिलेगा इन बड़ी-बड़ी परियोजनाओं का तोहफा, जानिए खास खबर

Admin Delhi 1
27 Dec 2022 3:26 PM GMT
देश की राजधानी दिल्ली को 2023 में मिलेगा इन बड़ी-बड़ी परियोजनाओं का तोहफा, जानिए खास खबर
x

दिल्ली न्यूज़: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को ट्रांसपोर्ट के लिहाज से नए साल पर तोहफा मिलने जा रहा है। दरअसल, 2023 में राजधानी के 4 एक्सप्रेसवे यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके अलावा 3 अहम अंडरपास भी शुरू किए जाएंगे। इन से भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे रिंग रोड व अन्य रूटों पर जाम से राहत मिलेगी। वर्तमान में, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय राजधानी में ट्रैफिक जाम से छुटकारा पाने के लिए 60,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम कर रहा है, जिनमें से चार परियोजनाओं को वर्ष 2023 में पूरा किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी (PWD) अंडरपास और फ्लाईओवर भी तैयार कर रहा है। रिंग रोड सहित अन्य मार्गों पर जिनमें से तीन फ्लाईओवर को आने वाले वर्षों में यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

द्वारका एक्सप्रेसवे: दिल्ली-हरियाणा सीमा पर जाम खत्म करने के लिए दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के बायपास के रूप में 29 किलोमीटर लंबे द्वारका एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य चल रहा है। अगस्त 2023 तक इसे आठ लेन का एक्सप्रेसवे बनाने के लिए 6.3 किलोमीटर लंबी देश की पहली सबसे लंबी शहरी सुरंग भी बनाई जा रही है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे: हरियाणा के सोहना से राजस्थान के दौसा तक 276 किलोमीटर लंबे आठ लेन के एक्सप्रेसवे का काम अंतिम चरण में है। इसे फरवरी 2023 तक शुरू किया जाएगा। यह ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ा है। आश्रम अंडरपास के पास दिल्ली-मुंबई कनेक्टर बनाया जा रहा है, जो मार्च 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा।

अर्बन एक्सटेंशन रोड: दिल्ली-चंडीगढ़, दिल्ली-द्वारका, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए 75.5 किलोमीटर लंबी अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 का निर्माण तेजी से चल रहा है। अगस्त 2023 तक छह लेन की शहरी विस्तार सड़क तैयार करने का लक्ष्य है। शहरी विस्तार सड़क के बनने से वाहन दिल्ली के अंदर आए बिना बाहर जा सकेंगे।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे: 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का निर्माण अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन से गीता कॉलोनी और यूपी बॉर्डर होते हुए लोनी और बागपत तक किया जा रहा है। इसके दो चरणों का काम एनएचएआई की (NHAI) दिल्ली इकाई कर रही है, जिसमें से 30 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। छह लेन का एक्सप्रेसवे सीधे आईटीओ, सिग्नेचर ब्रिज, आईएसबीटी कश्मीरी गेट और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा। इसे दिसंबर 2023 तक पूरा किया जाएगा है।

आश्रम फ्लाईओवर: एम्स से डीएनडी तक जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। अब तक करीब 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। फ्लाईओवर को फरवरी 2023 के अंत तक यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

सराय काले खां अंडरपास: आईटीओ से रिंग रोड होते हुए आश्रम जाने वालों का सराय काले खां रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के सामने जाम लगा रहता हैं। अक्टूबर 2023 अंडरपास के निर्माण से जाम से निजात मिलेगी।

अप्सरा फ्लाईओवर: अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार रेलवे ओवरब्रिज तक छह लेन का फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी कुल 257 करोड़ रुपये की लागत से सिंगल पिलर में 1.44 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण कर रहा है। यह दिसंबर 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगा।

Next Story