
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना आज यानी मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को होगी. इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. इसके लिए प्रदेश के सात जिलों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतगणना की तैयारियों को लेकर जानकारी दी है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में निर्धारित केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी. सभी 11 निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशन में मतगणना कराई जाएगी.
लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर-07 में होगी. वहीं, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती इसी परिसर के हॉल नंबर-08 में की जाएगी. वाराणसी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के हॉल नंबर-01 में होगी. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना हॉल नंबर-02 में कराई जाएगी.





