भारत

7.40 करोड़ के जाली नोट, PNB के अधिकारी सस्पेंड

jantaserishta.com
1 Sept 2026 9:32 AM IST
7.40 करोड़ के जाली नोट, PNB के अधिकारी सस्पेंड
x

सांकेतिक तस्वीर (AI)

नकली नोटों का पहाड़.
सहारनपुर: सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की घंटाघर स्थित सोफिया मार्केट करेंसी चेस्ट में अगस्त महीने में ऑडिट के दौरान 7.40 करोड़ रुपये की कथित जाली करेंसी पाई गई. इससे पहले 10-11 अगस्त के आसपास बैंक से आरबीआई भेजी गई रकम में 4.36 लाख रुपये की कैश कमी सामने आई थी. इसके बाद बैंक प्रबंधन द्वारा बिठाई गई जांच टीम और वरिष्ठ अधिकारियों की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत के बाद पुलिस और बैंक मिलकर पूरे ट्रेल तथा सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच में जुटे हैं.
मामले की शुरुआत आरबीआई को भेजी गई करेंसी के मिलान से हुई. पीएनबी की मुख्य प्रबंधक निशा सिंह के अनुसार 10-11 अगस्त के आसपास आरबीआई भेजी गई रकम में 4.36 लाख रुपये कम पाए गए थे. इसके बाद बैंक स्तर पर एक जांच टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान ही चेस्ट में करीब 7.40 करोड़ रुपये की कथित जाली करेंसी होने का बड़ा खुलासा हुआ.
नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और हरियाणा के जगाधरी स्थित करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार पर जाली नोटों के मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई है. वहीं कैश कमी के मामले में हाउस कीपर विशाल कुमार पर कार्रवाई हुई है. बैंक ने मामले से जुड़े चार लोगों को तत्काल सस्पेंड कर दिया है.
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि वरिष्ठ बैंक अधिकारी से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस और बैंक अब अलग-अलग शाखाओं से चेस्ट तक पहुंची रकम, कैश रिकॉर्ड, नोटों की पैकिंग, गिनती और मिलान की प्रक्रिया को खंगाल रहे हैं. इसके साथ ही चेस्ट के सीसीटीवी फुटेज की भी डिटेल जांच की जा रही है.
मुख्य प्रबंधक निशा सिंह के मुताबिक यह जाली करेंसी चेस्ट में ही रखी थी और इसे सर्कुलेशन या किसी शाखा में वितरित नहीं किया गया था. बैंक प्रबंधन का कहना है कि डिटेल इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी. फिलहाल बैंक ने अपनी गाइडलाइंस के तहत तात्कालिक कदम उठाते हुए पुलिस को मामला सौंप दिया है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story