भारत

पार्षदों ने खाई 'कमीशन' बांटने की कसम, कार्यशैली पर कड़े सवाल

jantaserishta.com
26 Aug 2026 3:31 PM IST
पार्षदों ने खाई कमीशन बांटने की कसम, कार्यशैली पर कड़े सवाल
x
वीडियो हुआ वायरल.
जनता से रिश्ता वीडियो की पुष्टि नहीं करता
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में नगर निगम के पार्षदों का हाथ में पवित्र गंगाजल लेकर कसम खाने का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दावे के मुताबिक, इस वीडियो में पार्षद नगर निगम से होने वाली अवैध आमदनी और कमीशन को सभी पार्षदों में बराबर-बराबर बांटने और एक-दूसरे के साथ कोई गद्दारी न करने की सौगंध खाते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने नगर निगम में भारी लूट और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है, जबकि नगर आयुक्त सौम्या गुरु रानी ने इसे पुराना वीडियो बताते हुए जिलाधिकारी के जरिए जांच कराने की बात कही है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में शाहजहांपुर नगर निगम के पार्षद हाथों में गंगाजल थामे खड़े हैं. वे बाकायदा सौगंध खा रहे हैं कि निगम से जो भी 'आमदनी' यानी अवैध कमीशन आएगा, वह सभी पार्षदों में बराबर बांटा जाएगा. पार्षदों का कहना है कि अगर उनके ग्रुप के किसी भी साथी पर कोई आंच आई तो सभी एक साथ खड़े होंगे और आपस में कोई गद्दारी नहीं करेगा.
कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने इस वीडियो को देखने के बाद तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि चुने जाने पर ये पार्षद सत्य और निष्ठा की कसम खाते हैं, लेकिन अब भ्रष्टाचार करने की कसम खा रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्य विषय यह है कि नगर निगम में कितनी भारी लूट हो रही है, इसका मुख्य लुटेरा कौन है और किसके पास बड़ा हिस्सा पहुंच रहा है.
इस पूरे मामले पर नगर आयुक्त सौम्या गुरु रानी ने कैमरे के सामने बोलने से इनकार कर दिया. हालांकि, फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि यह वीडियो वर्ष 2025 का है. नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस मामले में जिलाधिकारी से बात करके पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी. फिलहाल इस वायरल वीडियो ने शाहजहांपुर की स्थानीय राजनीति में भारी हड़कंप मचा दिया है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story