कॉस्मेटिक कारोबारी 16 लाख कैश के साथ पकड़ा गया, बोरे में था पूरा नई करेंसी

यूपी। वाराणसी में कैंट स्टेशन (वाराणसी जंक्शन) पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जीआरपी ने ट्रेन के अंदर से दो बैग में भारी मात्रा में नई करेंसी बरामद की। बेगमपुरा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे एक युवक के पास से 16 लाख रुपये के नए नोट मिले। बैग खोलते ही उसमें भरीं 10 से लेकर 200 रुपये तक के नोटों की नई गड्डियां देखकर पुलिस टीम भी दंग रह गई।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने बताया कि जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बेगमपुरा एक्सप्रेस के जनरल कंपार्टमेंट में तिलहर (शाहजहांपुर) निवासी रवि गुलाटी संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। जब उसके पिट्ठू और ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर नोटों का जखीरा मिला। थाने लाकर जब गिनती की गई, तो 10, 20, 50, 100 और 200 रुपये की नई करेंसी की गड्डियों का कुल मूल्य 16 लाख रुपये निकला। पूछताछ के दौरान रवि गुलाटी ने दावा किया कि उसकी तिलहर में कॉस्मेटिक की दुकान है और उसने शादी-विवाह के सीजन में मांग को देखते हुए बाजार से यह नई करेंसी जुटाई थी। वह मंगलवार सुबह काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से वाराणसी आया था और बेगमपुरा एक्सप्रेस से वापस जा रहा था। हालांकि, इतनी बड़ी नकदी के संबंध में वह कोई भी वैध दस्तावेज या रसीद पेश नहीं कर सका।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि बरामद रकम और युवक को आयकर विभाग की टीम (निरीक्षक उमेश कुमार राम, अमित कुमार और कर सहायक नीरज) के हवाले कर दिया गया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि पश्चिमी यूपी के बाजारों में नई करेंसी की कालाबाजारी के लिए यह खेप ले जाई जा रही थी। इस कार्रवाई में आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव और सीआईबी के एएसआई राकेश कुमार सिंह समेत पूरी टीम की मुख्य भूमिका रही।
बोरे में लाखों के नये नोट!
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) April 21, 2026
यूपी- वाराणसी में एक रेलयात्री के पास 16 लाख रूपये कैश मिले है. यह पैसा बैग और बोरे में रखा हुआ था. बरामद हुआ पैसा 10 से 200 रूपये तक के नये करारे नोट है. यात्री कॉस्मेटिक का कारोबारी है.
बताओ इन नोटों का क्या करता होगा? pic.twitter.com/16Nvy5vMRP





