भारत

PM पोषण योजना के रसोइयों को अब हर महीने मिलेंगे 4500 रुपए

Shantanu Roy
6 Nov 2026 10:15 PM IST
PM पोषण योजना के रसोइयों को अब हर महीने मिलेंगे 4500 रुपए
x
Shimla. शिमला। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत कुक-कम-हेल्पर्स (रसोइयों) को अब राज्य सरकार की ओर से मिलने वाला अतिरिक्त मानदेय 4500 रुपए नियमित रूप से हर महीने दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कुक-कम-हेल्पर्स के अतिरिक्त मानदेय (टॉपअप) के भुगतान के लिए बजट आवंटित कर दिया है। इसके तहत प्रत्येक कुक-कम-हेल्पर को 4500 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से 10 शैक्षणिक महीनों का मानदेय दिया जाएगा।
इस संबंध में 5 नवंबर 2026 को स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी उपनिदेशकों को निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने बजट ई-वितरण के माध्यम से संबंधित ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करवाया है। अब जिला उपनिदेशकों को अपने-अपने जिलों के सभी संबंधित ब्लॉकों को आवंटित बजट का निर्धारित प्रावधानों के अनुसार इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने अतिरिक्त मानदेय का भुगतान प्रत्येक महीने नियमित आधार पर देने के साथ ही हर महीने की पहली तारीख को कुक-कम-हेल्पर्स के बैंक खातों में राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। यह बजट प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के लिए राज्य सरकार के संसाधनों से अतिरिक्त मानदेय के रूप में जारी किया गया है।
Next Story