भारत

राकेश टिकैत को रोकने के किए बैरियर तोड़कर निकल गया समर्थकों का काफिला

Kunti Dhruw
3 Oct 2021 6:10 PM GMT
राकेश टिकैत को रोकने के किए बैरियर तोड़कर निकल गया समर्थकों का काफिला
x
यूपी के लखीमपुर खीरी में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के गांव आने से पहले ही भारी बवाल हो गया।

यूपी के लखीमपुर खीरी में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के गांव आने से पहले ही भारी बवाल हो गया। मंत्री के गांव से सात किलोमीटर पहले तिकुनिया कस्बे के बाहर प्रदर्शन कर रहे किसानों को रौंदती हुई दो कारें निकल गईं। इस हादसे में दो किसानों की मौत हो गई और कम से कम 10 किसान जख्मी हुए हैं। शाम को दो शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में लाए गए। कई और घायलों को भर्ती कराया गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी की मौत की पुष्टि अभी जिला प्रशासन ने नहीं की है। हादसे के बाद किसान भड़क गए और उन गाड़ियों को तोड़ डाला। उनको आग के हवाले कर दिया। किसानों ने गाड़ी में सवार लोगों की जमकर पिटाई की। बताया जाता है कि किसानों को रौंदने वाली एक कार केंद्रीय राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष की भी, जबकि दूसरी उनके करीबी की। लखीमपुर बवाल के बाद जगह-जगह प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। पीलीभीत में किसानों हाईवे जाम कर दिया है। घटना को देखते हुए सीएम योगी ने भी सारे कार्यक्रम रद्द करके वह लखनऊ लौट रहे हैं। उधर अखिलेश यादव भी पीड़ित किसानों से मिलने के लिए कल लखीमपुर खीरी आएंगे।

-पीलीभीत में राकेश टिकैत को डीएम-एसपी ने लखीमपुर न जाने को लेकर रोक लिया। पुलिस लखीमपुर रोड पर बैरीकेडिंग लगा रखी थी। राकेश टिकैत का काफिला समर्थकों संग बैरियर तोड़कर आगे बढ़ गया।
-लखीमपुर में किसानों की मौत से आक्रोशित किसानों ने थाना खुटार में पूरनपुर रोड पर जाम लगा दिया। नाराज किसान रोड पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जाम की सूचना पर एसपीएस आनंद, एसडीएम पुवायाँ, सीओ पुवायाँ सहित खुटार, पुवायाँ व बंडा थाने की पुलिस फोर्स भी मौके पर मौजूद।
-लखीमपुर बवाल के चलते नाराज किसानों ने दिल्ली सहारनपुर हाइवे पर किशनपुर बराल में जाम लगा दिया है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा भाजपा के जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी पर गांव कमांड में जाएं उनके साथ कुछ भी हो सकता है हम उनका विरोध करने के लिए नहीं कह रहे हैं लेकिन लोगों में उनके प्रति बहुत आक्रोश है जो लोग उन्हें बुलाते हैं वह भी अपनी जिम्मेदारी पर बुलाए कुछ भी हो सकता है।
-लखीमपुर खीरी में हुई घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए और लखनऊ लौट आए। उन्होंने अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कृषि देवेश चतुर्वेदी, एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार और लखनऊ रेंज के आईजी लक्ष्मी सिंह को तुरंत घटनास्थल पर भेजा है। इसी के साथ पीएसी की तीन कंपनियों को भी घटनास्थल पर भेजा गया है।
-लखीमपुर खीरी बवाल के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा कल पूरे देश में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगा। सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक प्रदर्शन होगा। इस दौरान केंद्रीय गृहराज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी की बर्खास्तगी की मांग की जाएगी। पूरे मामले की जांच किसी जज से कराने की भी मांग होगी।
-अजय मिश्रा टेनी ने कहा कि डिप्टी सीएम का कार्यक्रम था। हम लोग तो कार्यक्रम में थे। उनको रिसीव करने के लिए एक गाड़ी जा रही थी। कुछ लोगों ने गाड़ी पर पत्थर फेंके और घटना हो गई। गाड़ी को भी फूंक दिया गया है।
-लखीमपुरखीरी की घटना के विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन। पीलीभीत में किसान संगठनों और पुलिस के बीच झड़प। लखनऊ में भी सड़कों पर उतरे किसान।
-लखीमपुर की घटना पर आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी बोले, दिल दहला देने वाली खबर। आंदोलनकारी किसानों पर गाड़ी चढ़ाई गई। 'केंद्रीय मंत्री का काफिला किसानों पर चढ़ा दिया'। कई किसानों की मौत हुई और कई घायल।
-पीड़ित किसानों से मिलने कल लखीमपुर खीरी आएंगे अखिलेश यादव। तिकुनिया कांड के पीड़ित किसानों से मिलेंगे सपा अध्यक्ष।-लखीमपुर खीरी बवाल पर पीलीभीत में किसानों ने हाईवे किया जाम। किसानों की मौत पर जताई नाराजगी।
-लखीमपुर बवाल के बाद सीएम योगी ने गोरखपुर के सभी कार्यक्रम रद किए। सीएम योगी लखनऊ के लिए रवाना। अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा करेंगे।
-सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के नेतृत्व में 5 सदस्य प्रतिनिधि सोमवार को जाएगा लखीमपुर खीरी।
-लखीमपुर जिले के निघासन थाने पहुंची आईजी। घटना को लेकर पूरे प्रदेश में अलर्ट। लखीमपुर से सटे सभी जिलों को भी किया गया हाई अलर्ट।
- अखिलेश यादव का ट्वीट : लखीमपुर खीरी में भाजपाइयों द्वारा गाड़ी से रौंदे जाने की घटना में गंभीर रूप से घायल किसान नेता श्री तेजिंदर सिंह विर्क जी से अभी थोड़ी बात हो पाई। उनकी अति गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकार तुरंत उन्हें सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराए।
- राकेश टिकैत पहुंचने वाले हैं, भारतीय किसान यूनियन ने ट्वीट कर दी जानकारी
- इसके बाद आक्रोशित किसानों ने हादसा करने वाली गाड़ियों को तोड़कर आग लगा दी। कार में जो भाजपाई मिला, उसको पीटा। छह भाजपा समर्थक भी जख्मी बताए जा रहे। इसके बाद भगदड़ मच गई।
- अचानक दो कारें बनवीरपुर की ओर से बेहद तेज गति में किसानों के बीच घुस गईं। उनको रौंदती हुई चली गई। इसमें एक कार केंद्रीय राज्यमंत्री के बेटे आशीष मिश्र मोनू की बताई जा रही है।
- इस बीच दोपहर दो बजे डिप्टी सीएम केशव मौर्य बनवीरपुर के लिए रवाना हो गए। उधर डीएम, एसपी ने किसानों से वार्ता के बाद डिप्टी सीएम का रूट बदलने की सिफारिश की
- किसानों ने हेलीपैड पर ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी कर दीं। सैकड़ों की संख्या में काले झंडे लेकर किसान वहां मौजूद थे और उप मुख्यमंत्री के विरोध का ऐलान कर रहे थे।
- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के गांव बनवीरपुर जाना था। उप मुख्यमंत्री के आने के विरोध में सुबह से ही किसान उतर आए थे।


Next Story