भारत

अश्लील गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद, गोली लगने से एक ग्रामीण की मौत

Shantanu Roy
26 July 2023 5:35 PM GMT
अश्लील गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद, गोली लगने से एक ग्रामीण की मौत
x
बड़ी खबर
गोरखपुर। बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के रूदौली गांव में बुधवार को गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौका मुआयना किया है और हाल जाना है। इधर, पुलिस अब जांच कर मामले में कार्रवाई की बात कह रही है। दरअसल, गोली चलाने की घटना मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्राली पर गाना बजाने और गांव में तेज रफ़्तार से ट्रैक्टर चलाने को लेकर हुई। मिट्टी लदा ट्रैक्टर डोनाडीह की ओर से रुदौली गांव की ओर आ रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक मिट्टी लदे ट्रैक्टर की रफ़्तार बहुत तेज थी। इस पर अश्लील गाने भी बज रहे थे। इसको लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। यह भी बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने ट्रैक्टर पर बज रहे अश्लील गाने पर भी जोरदार आपत्ति जताई और बिना गाना बजाये ही गांव से गुजरने की चेतावनी दी।
यह ट्रैक्टर चालक को नागावर गुजारा और उसने अपने गांव टेलीफोन कर लोगों को बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गये। कुछ देर तक दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। देखते ही देखते एक पक्ष ने असलहा निकाल लिया और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गोली मार दी। जिसको गोली लगी, उसका नाम राजकिशोर बताया जा रहा है कि यह रुदौली गांव का ही निवासी है। राजकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हैं। मौके पर पुलिस पहुंच गयी है और जांच पड़ताल कर रही है। इस सम्बन्ध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर का कहना है कि घटनास्थल का मैंने मुआयना किया है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी इकट्ठा की गयी है। मृतक राजकिशोर के परिजनों ने तहरीर दी है। मुक़दमा पंजीकृत कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
Next Story