भारत

कांग्रेस नेता का विवादित बयान, ब्राह्मण समाज ने दी कड़ी चेतावनी

Nilmani Pal
30 Oct 2022 1:34 AM GMT
कांग्रेस नेता का विवादित बयान, ब्राह्मण समाज ने दी कड़ी चेतावनी
x

रांची। ब्राह्मणों पर कांग्रेस के झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो की ओर से कथित रूप से दिए गए विवादित बयान से सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा समेत कई ब्राह्मण नेताओं ने जलेश्वर महतो के बयान की तीखी निंदा की है। बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के माटीगढ़ा में दो दिन पूर्व गोवर्धन पूजा पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो के भाषण का कुछ अंश एक वीडियो के रूप में वायरल हुआ है।

वायरल वीडियो में जलेश्वर कह रहे हैं कि जितने बड़े-बड़े कसाईखाना हैं, वह ब्राह्मण संचालित कर रहे हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी किया गया है। मंच पर कुछ ब्राह्मण भी बैठे हैं। वीडियो में जलेश्वर एक ब्राह्मण की ओर इशारा करते हुए बोलते हैं कि माफ कीजिएगा बाबा। इसमें आप नहीं हैं। उच्च कोटि के लोग यह सब कर रहे हैं। जलेश्वर के इस बयान की ब्राह्मण कल्याण मंच ने तीखी निंदा की है।

समाज की ओर से घोषणा की गई कि शनिवार को बैठक कर रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन तथा पुतला दहन किया जाएगा। बड़ा पांडेयडीह में कल्याण मंच की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा गया कि जलेश्वर महतो ने ब्राह्मण जाति का अपमान किया है। मंच के अध्यक्ष अरविंद दुबे ने कहा की जलेश्वर द्वारा ब्राह्मण को देश के बड़े-बड़े कसाईखानों का संचालक कहा जाना आपत्तिजनक है। जलेश्वर ब्राह्मण समाज से माफी मांगें नहीं तो बाघमारा प्रखंड के हर चौक चौराहे पर उनका पुतला फूंका जाएगा।

इस मौके पर राम कुमार पांडेय, अशोक मिश्रा, विजय शर्मा, सांसद प्रतिनिधि रामाशंकर तिवारी, राजू शर्मा, प्रो टीपी पाण्डेय, नर्मदेश्वर पांडेय, उत्तम पाण्डेय, दीपू पांडेय, भोला दुबे, सत्यनारायण पांडेय, पिंटू पांडेय आदि थे। विप्र सेना ने भी बयान की निंदा की है। विप्र सेना की ओर से मिल्टन पार्थसारथी और विप्र समाज के प्रदेश संगठन महासचिव मृणाल चौबे ने ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि इस तरह का बयान अर्मायदित है। उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए। इधर आजसू के जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि आशीष तिवारी ने कहा है कि जलेश्वर महतो सार्वजनिक रूप से ब्राह्मण समाज से माफी मांगें अन्यथा हर चौक चौराहों पर पुतला दहन से लेकर इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

Next Story