भारत

टेंडर घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ठेकेदार गिरफ्तार, हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत

SHIDDHANT
28 May 2026 9:42 PM IST
टेंडर घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ठेकेदार गिरफ्तार, हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत
x
एसवीयू की बड़ी कार्रवाई
Patna पटना : सरकारी टेंडरों में कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने चर्चित ठेकेदार ऋषु श्री को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले एसवीयू ने उनके आवास पर करीब 15 घंटे तक लंबी छापेमारी की।
जांच एजेंसी के अनुसार, छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एसवीयू को लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य के हीरे, सोने और चांदी के आभूषण, करीब 2.5 लाख रुपये नकद, चांदी के बर्तन और 61 जमीन से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय लेन-देन से संबंधित कागजात भी जब्त किए गए हैं।
एसवीयू अधिकारियों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और इससे सरकारी टेंडर घोटाले से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि आरोपी ने कई सरकारी विभागों में टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित कर अनुचित तरीके से ठेके हासिल किए।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ अधिकारियों पर भी मिलीभगत के आरोप हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि कथित तौर पर कुछ अधिकारियों और उनके परिजनों की विदेश यात्राओं का खर्च भी उठाया गया था। अब एजेंसियां उन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं, जिनके आरोपी से संबंध होने की आशंका है।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी पीएमएलए के तहत जांच कर रही है और पहले ही मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर चुकी है। वहीं आरोपी ने राहत के लिए पटना हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने जांच में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। इसके बाद जांच एजेंसियों ने टेंडर आवंटन प्रक्रिया की जांच और तेज कर दी है।
Next Story