भारत

पुल से नीचे गिरा कंटेनर, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत

Nilmani Pal
21 Jun 2026 12:33 PM IST
पुल से नीचे गिरा कंटेनर, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत
x
बड़ा हादसा

एमपी। गुना जिले में बड़ा हादसा हो गया। पुलिया की दीवार तोड़कर कंटेनर गिरने से ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गुना के चाचौड़ा थाना क्षेत्र में स्थित नेशनल हाईवे 46 पर रविवार सुबह लगभग 5 से 6 बजे के बीच बीनागंज बाईपास पर दर्दनाक हादसा हुआ। शिवपुरी-गुना की ओर से ब्यावरा-भोपाल की तरफ जा रहा राजस्थान पासिंग एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पुल की दीवार तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। कंटेनर के पुलिया में गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई।

हादसे में कंटेनर में सो रहा एक ड्राइवर की आग में जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी चला रहा ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक का नाम मनोज बघेल बताया जा रहा है, जिसे उपचार के लिए बीनागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। घटना की सूचना पर एसडीओपी मनोज झा, थाना प्रभारी नीरज राणा, नेशनल हाईवे 1033 के अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर परिषद चाचौड़ा की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर में ट्रांसपोर्ट का सामान भरा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

इसके पहले शनिवार को छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 5 में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। नगर पालिका द्वारा पानी वितरण के लिए भेजे गए टैंकर की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया तथा मृतक के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-343 को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया।

Next Story