भारत

अफसर की पोल खोलने वाला सिपाही सस्पेंड, सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन का आरोप

Nilmani Pal
20 May 2026 6:45 AM IST
अफसर की पोल खोलने वाला सिपाही सस्पेंड, सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन का आरोप
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन के आरआई और गणना प्रभारी पर ड्यूटी के नाम पर रुपये की वसूली का आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले सिपाही सुनील कुमार शुक्ला को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा नाका कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल नीतू सिंह के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

दोनों पर रील बनाने और फेसबुक, इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर यूपी पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन का आरोप है। सिपाही सुनील कुमार शुक्ला मूल रूप से अमेठी जनपद के गौरीगंज के रहने वाले हैं। वर्ष 2015 बैच के सिपाही हैं। बीते दिनों सुनील का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे उन्होंने खुद पोस्ट किया था। उसमें सुनील ने रिजर्व पुलिस लाइन के गणना कार्यालय के प्रभारी और आरआई पर आरोप लगाया था कि ड्यूटी के लिए वे प्रति सिपाही दो हजार रुपये हर महीने वसूली करते हैं। इसके बाद तीन और वीडियो जारी किए थे। वहीं, कार्रवाई में शामिल हेड कांस्टेबल नीतू सिंह नाका कोतवाली में तैनात हैं और वर्तमान में कोर्ट सुरक्षा ड्यूटी में हैं। नीतू सिंह वर्ष 2011 बैच की सिपाही हैं। नीतू ने भी सोशल मीडिया पर रील पोस्ट की थी।

लखनऊ के पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने कहा कि सिपाही सुनील और हेड कांस्टेबल नीतू सिंह के निलंबन की कार्रवाई यूपी पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन के तहत की गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई पुलिस कर्मियों को निलंबन किया गया है। यूपी पुलिस के लिए 2003 में सोशल मीडिया पॉलिसी बनाई गई थी। 15 मई 2026 को यूपी के एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने सोशल मीडिया पर रील प्रसारित करने वाले पुलिसकर्मियों को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा था कि यह देखने में आ रहा है कि कई सेवारत और प्रशिक्षु पुलिस कर्मचारी सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करते हुए रील इत्यादि के जरिए आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग के सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयध्यक्षों को जारी आदेश में कहा था कि यूपी के पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म उपयोग के लिए डीजी परिपत्र संख्या-5/ 2023, दिनांक 08 फरवरी 2023 के माध्यम से सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 जारी की गई है लेकिन यह देखने में आ रहा है कि कई सेवारत और प्रशिक्षु पुलिस कार्मिकों द्वारा उक्त पॉलिसी का उल्लंघन करते हुए रील इत्यादि के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की जा रही है। इससे न केवल शासकीय काम प्रभावित हो रहा है बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की गरिमा और छवि भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित हो रही है।


Next Story