कांस्टेबल दूल्हा फरार, शादी चल रही थी कि घर पहुंच गई प्रेमिका और फिर...

यूपी। गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां खजनी थाना क्षेत्र के छपिया गांव में रविवार को परछावन के समय एक युवती ने पुलिस के साथ पहुंचकर अपने प्रेमी की बारात रुकवा दी। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर दो साल तक उसका शोषण किया और अब दूसरी जगह विवाह करने जा रहा है। उधर, इस घटना से क्षेत्र से हड़कंप मच गया।
छपिया के रहने वाले रामभागवत यादव का बेटा विपिन कुमार यादव पीएसी में कांस्टेबल है। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद आरोपी का लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत एक युवती से संबंध हो गया। युवती आजमगढ़ की रहने वाली बताई जा रही है। आरोप है कि पीएसी जवान प्रेमिका को छोड़कर पीपीगंज थाना क्षेत्र के भप्सा (जसवल बाजार) की रहने वाली एक अन्य युवती से विवाह तय कर लिया था। रविवार को उसकी बारात निकलने की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान परछावन की रस्म के समय प्रेमिका पुलिस के साथ उसके घर पहुंच गई और हंगामा करते हुए बारात रुकवा दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह ने बताया कि युवती ने आरोपी के खिलाफ लखनऊ के गोमती नगर थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज कराया है। उसी के आधार पर लखनऊ पुलिस टीम खजनी पहुंची थी। खजनी पुलिस के सहयोग से छपिया गांव में दबिश दी गई, लेकिन मौके पर आरोपी या परिवार का कोई जिम्मेदार सदस्य नहीं मिला।





