भारत

ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की मौत, मामलें में हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार

Shantanu Roy
24 Aug 2025 11:14 PM IST
ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की मौत, मामलें में हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
Ghaziabad. गाजियाबाद। गाजियाबाद में ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। थाना विजयनगर क्षेत्र के मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर 22 अगस्त को ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे ट्रैफिक कांस्टेबल विपिन कुमार की मौत हो गई। उन्हें एक तेज रफ्तार एर्टिगा कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वे कई फीट ऊपर हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह घटना न केवल गाजियाबाद पुलिस विभाग बल्कि पूरे शहर के लिए गहरा सदमा लेकर आई है।
हादसा बना मौत
कांस्टेबल विपिन रोज की तरह एक्सप्रेसवे पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। वह ट्रैफिक को नियंत्रित कर रहे थे, तभी अचानक एक एर्टिगा कार तेज रफ्तार में आई और उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि विपिन कई फुट हवा में उछलकर दूर जाकर गिरे। उन्हें तुरंत नाजुक हालत में मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां दो दिनों तक उनकी जिंदगी बचाने की कोशिशें चलीं। लेकिन गंभीर चोटों और आंतरिक रक्तस्राव की वजह से डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एर्टिगा कार अचानक लेन बदलकर सीधे कांस्टेबल विपिन को टक्कर मारती है और फिर भाग जाती है। फुटेज ने इस घटना की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। फुटेज देखकर पुलिस को शक हुआ कि यह मात्र सड़क हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई वारदात हो सकती है। यही कारण है कि इस मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी लगाई गई है।
आरोपी हिस्ट्रीशीटर निकला
पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी कार चालक की पहचान की। आरोपी की पहचान विनीत के रूप में हुई, जो थाना मधुबन बापूधाम क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। घटना के समय उसके साथ कार में उसका साथी सुमित भी मौजूद था। दोनों गाजियाबाद के सदरपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने विनीत और सुमित को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे हरियाणा से लौट रहे थे और गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज देखकर यह आशंका और गहरी हो गई है कि यह टक्कर महज लापरवाही का नतीजा नहीं बल्कि सुनियोजित हमला था।
पुलिस की सख्ती
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि आरोपी विनीत पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हिस्ट्रीशीटर है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पुलिस विभाग में गहरा शोक है। कांस्टेबल विपिन की ड्यूटी के दौरान मौत ने पुलिसकर्मियों को झकझोर कर रख दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने विपिन के परिवार के प्रति संवेदना जताई है और कहा है कि विभाग परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगा।
Next Story