भारत

कांग्रेस पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस में महंगाई के खिलाफ 17 जुलाई को निकालेंगे साइकिल रैली

Kunti Dhruw
14 July 2021 2:51 PM GMT
कांग्रेस पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस में महंगाई के खिलाफ 17 जुलाई को निकालेंगे साइकिल रैली
x
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में महंगाई के खिलाफ निर्धारित आंदोलन के तहत 17 जुलाई को रैली निकालने का निर्णय लिया है।

रांची, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में महंगाई के खिलाफ निर्धारित आंदोलन के तहत 17 जुलाई को रैली निकालने का निर्णय लिया है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही मूल्य वृद्धि के खिलाफ आयोजित होने वाली रैली को लेकर प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम की उपस्थिति में निर्णय हुआ। इसमें सभी जिला मुख्यालयों पर पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकाली जाए।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 19 जुलाई को राज्य भर के पेट्रोल पंपों पर कांग्रेस कार्यकर्ता हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे और 28 जुलाई को राजधानी रांची में प्रदेश स्तरीय विरोध मार्च निकाला जाएगा। पार्टी ने निर्णय लिया है कि कोरोना गाइड लाइन के अनुसार सरकार द्वारा संख्या की अनुमति प्राप्त करते हुए ही विरोध मार्च किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि महंगाई बेतहाशा बढ़ती जा रही है और लोगों की आमदनी घटती जा रही है।
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि सभी विधायक और पार्टी एक हैं। जनसंख्या नियंत्रण पर पूछे गए सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि‍ जनसंख्या को लेकर हर 10 साल पर केंद्र सरकार जनगणना कराती है। अर्थशास्त्र का विद्यार्थी होने के नाते हमारा यह मानना है कि जनसंख्या पर नियंत्रण होना चाहिए, लेकिन भाजपा महंगाई जैसे मुख्य मुद्दे से देश को भटकाने की बात करती रही है।
शामिल होंगे मंत्री-विधायक
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि महंगाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 10 दिनों के निर्धारित आंदोलनात्मक कार्यक्रम में सभी विधायक और मंत्री शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समय आने पर विधायक दल की बैठक का भी निर्णय लेंगे। बैठक का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया। इसमें कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, संजय लाल पासवान, मानस सिन्हा, रमा खलखो, प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डाॅ. तौसीफ, राजीव रंजन प्रसाद आदि मौजूद थे।


Next Story