भारत
दिल्ली अध्यादेश विवाद पर आम आदमी पार्टी का समर्थन करेगी कांग्रेस, के.सी. वेणुगोपाल ने कही ये बात
jantaserishta.com
16 July 2023 3:07 PM IST

x
नई दिल्ली: दिल्ली में केंद्र के अध्यादेश पर अपने पत्ते खोलते हुए कांग्रेस ने रविवार को कहा कि वह संघीय ढांचे को बिगाड़ने के मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सभी कदमों का विरोध करेगी। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने आईएएनएस से कहा, "कांग्रेस राज्यपालों और उपराज्यपालों के माध्यम से संघीय ढांचे को बिगाड़ने के केंद्र के सभी कदमों का विरोध करेगी, जिसमें संसद में दिल्ली अध्यादेश भी शामिल है।"
उनकी टिप्पणी 17 और 18 जुलाई को कर्नाटक के बेंगलुरु में 24 विपक्षी दलों की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक से एक दिन पहले आई है। इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल होंगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को सोनिया गांधी के आवास पर संसदीय रणनीति समूह की दूसरी बैठक के दौरान इस मुद्दे पर काफी विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी संघीय ढांचे पर हमले का मुद्दा उठाएगी। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस अध्यादेश विवाद पर आप पार्टी का समर्थन करेगी तो रमेश ने सवाल टाल दिया और कहा, "मैंने स्पष्ट रूप से कहा है कि मोदी सरकार ने संघीय ढांचे पर हमला किया है, हम इसका विरोध करेंगे।"
रमेश ने कहा, "कांग्रेस ने हमेशा लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई राज्य सरकारों और स्थानीय निकायों के संवैधानिक अधिकारों और जिम्मेदारियों पर मोदी सरकार के हमलों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। यह हमला सीधे तौर पर या फिर मोदी सरकार द्वारा नियुक्त राज्यपालों की ओर से होता है। हमने इसका विरोध किया था और हम इसका विरोध करते रहेंगे। यह संविधान पर खुला हमला है और इसके विभिन्न रूप होते हैं। संवैधानिक निकायों को कमजोर किया जाता है और संवैधानिक एजेंसियों का दुरुपयोग किया जाता है।"
बेंगलुरु में होने वाली बैठक में आम आदमी पार्टी के शामिल होने की भी संभावना है। बिहार के पटना में विपक्षी दलों की पहली बैठक के दौरान आप ने कांग्रेस से अध्यादेश मुद्दे पर अपना रुख साफ करने को कहा था।
Tagsकेंद्र अध्यादेशकांग्रेसदिल्लीकेंद्र सरकारआपबीजेपीCentral OrdinanceCongressDelhiCentral GovernmentAAPBJP
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





