
x
26 सीटों का ऑफर कांग्रेस को नामंजूर, अखिलेश से बढ़ी तकरार
उत्तर प्रदेश। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी खींचतान बढ़ती जा रही है। दोनों दलों के बीच बातचीत जारी रहने के दौरान सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने से कांग्रेस खेमे में नाराजगी है। इस घटनाक्रम के बाद 27 नवंबर को प्रस्तावित दोनों दलों की तीसरी बैठक को लेकर भी अनिश्चितता बढ़ गई है। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के कुछ नेताओं ने आलाकमान के सामने समाजवादी पार्टी के साथ आगे की बातचीत को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब सीट बंटवारे पर चर्चा जारी है, तब उम्मीदवारों की घोषणा करना उचित नहीं है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सांसद इमरान मसूद की नाराजगी को जायज ठहराया है। उन्होंने कांग्रेस के लिए 100 सीटों को सम्मानजनक संख्या बताते हुए समाजवादी पार्टी की ओर से 26 सीटें दिए जाने के प्रस्ताव को खारिज किया है। हालांकि, कांग्रेस नेतृत्व ने अपने नेताओं को सार्वजनिक बयानबाजी में संयम बरतने के निर्देश दिए हैं। सपा द्वारा घोषित पांच उम्मीदवारों में से दो सीटें सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं। इससे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद खासे नाराज हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है और गठबंधन में होने वाला समझौता दोनों पक्षों के लिए सम्मानजनक होना चाहिए।
मसूद ने सवाल उठाया कि समाजवादी पार्टी को पहले यह तय करना चाहिए कि वह भाजपा से लड़ना चाहती है या कांग्रेस से। उन्होंने आगे की बातचीत को लेकर पार्टी आलाकमान से विचार-विमर्श करने की बात कही है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा का बचाव करते हुए कहा कि जिन सीटों पर प्रत्याशी उतारे गए हैं, वे पहले से ही पार्टी के पास हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस को सीटों की संख्या के बजाय उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया है।
दिल्ली में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर हुई दो दौर की बातचीत बेनतीजा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 125 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने में दिलचस्पी दिखा रही है। वहीं, भाजपा ने दोनों दलों के बीच जारी मतभेदों पर तंज कसते हुए INDIA गठबंधन को बंद हो चुका अध्याय बताया है। अब सभी की निगाहें 27 नवंबर की प्रस्तावित बैठक और कांग्रेस आलाकमान के अगले फैसले पर टिकी हैं।
Next Story





