भारत

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: 26 सितंबर को नामांकन दाखिल कर सकते है अशोक गहलोत

Nilmani Pal
20 Sep 2022 3:58 AM GMT
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: 26 सितंबर को नामांकन दाखिल कर सकते है अशोक गहलोत
x

दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सोमवार 26 सितंबर की सुबह नौ बजे दिल्ली जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी दिन गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, गांधी परिवार ने अशोक गहलोत को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने को कहा है। 26 सितंबर को नवरात्रि का पहला दिन है। इस शुभ अवसर पर गहलोत नामांकन दाखिल कर सकते हैं। गुजरात दौरे से पहले 23 अगस्त को अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी के साथ मुलाकात की थी। इसी मुलाकात के दिन उन्हें यह कह दिया गया था कि उन्हें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में काम करना है। गांधी परिवार के निर्णय अशोक गहलोत के लिए सर्वोपरी होता है। ऐसे में अब गहलोत के कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय हो गया है।

सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद से अशोक गहलोत हर बार यही कहते हैं कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्णय आलाकमान करेगा। आलाकमान जो भी निर्णय करेगा, वह हम सब को मंजूर होगा। दिल्ली से लेकर गुजरात और जयपुर में जब भी वे मीडिया से रूबरू होते हैं तो मीडियाकर्मी उनसे राष्ट्रीय अध्यक्ष से जुड़ा सवाल जरूर पूछते हैं। गहलोत हर बार एक ही जवाब देते हैं कि जो निर्णय आलाकमान का होगा, वही हम सब के लिए मान्य है। इसके साथ गहलोत यह भी कहते हैं कि राहुल गांधी को कांग्रेस की कमान संभालनी चाहिए। इससे साफ जाहिर होता है कि गहलोत की पूरी आस्था गांधी परिवार में है लेकिन राहुल गांधी के इनकार करने पर उन्हें आलाकमान का आदेश मानना होगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए 22 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। 24 सितंबर से 30 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 1 अक्टुबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 8 अक्टूबर को नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख है। ऐसे में 8 अक्टूबर को स्थिति क्लियर हो जाएगी कि कांग्रेस का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होने वाला है। अगर एक से ज्यादा नामांकन दाखिल होते हैं तो 17 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। बुधवार 19 अक्टूबर को मतगमना होगी और उसी दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी।


Next Story