
x
सीएम धामी को दी चुनाव लड़ने की चुनौती
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी ने मंच से बोलने का मौका नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। आरोप है कि उन्होंने माइक फेंक दिया और साउंड स्टाफ से तीखी बहस की। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में विधायक हरीश धामी मेले की अध्यक्षता कर रहे थे। उनका आरोप है कि अध्यक्षता की जिम्मेदारी देने के बावजूद उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि उनका माइक बंद कर उन्हें बोलने से रोका गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद विधायक ने मंच से नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उनके समर्थक भी आक्रोशित हो गए। हंगामे के बीच मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की।
विधायक ने मुख्यमंत्री पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए उन्हें धारचूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने दावा किया कि वह मुख्यमंत्री को चुनाव में हरा सकते हैं। हरीश धामी ने कहा कि कांग्रेस के निर्देश मिलने पर वह किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।
दूसरी ओर, बीजेपी जिला मंत्री रघुवीर सिंह ने विधायक के व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच पर एक विधायक का इस तरह व्यवहार करना निंदनीय है। रघुवीर सिंह ने आरोप लगाया कि हरीश धामी ने पांच वर्षों में अपने विधानसभा क्षेत्र में काम नहीं किया और चुनाव में हार की आशंका से नाराज हैं।
उन्होंने राज्य में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने की संभावना का दावा भी किया। इस घटनाक्रम को लेकर विधायक और बीजेपी की ओर से आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। विधायक ने बोलने से रोके जाने का आरोप लगाया है, जबकि बीजेपी ने उनके व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।
Next Story





