भारत
कांग्रेस नेता BJP की महिला कार्यकर्ताओं को देने लगे गुलाब...महिलाओं ने की जमकर नारेबाजी...जाने क्या है पूरा माजरा
Rounak Dey
12 March 2021 1:51 AM GMT

x
ANI
कांग्रेस नेता भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को देने लगे गुलाब
रांची. बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की. बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के इस प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेसियों ने उन्हें गुलाब के फूल, बिस्किट और चिप्स का ऑफर किया, लेकिन बीजेपी की महिला मोर्चा ने ऑफर को दरकिनार कर कांग्रेस (Congress) के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की. वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गांधीगिरी बीजेपी की महिला मोर्चा (BJP Women Wing) के कार्यकर्ताओ के सामने फुस्स हो गई.
बीजेपी महिला मोर्चा द्वारा रांची स्थित कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय का घेराव किया गया. इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई. दरअसल, बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता हरियाणा में कांग्रेसी नेता द्वारा महिलाओं का अपमान किए जाने को लेकर नाराज थीं. बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि एक ओर पूरा विश्व 8 तारीख को महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान में जुटा था, वहीं दूसरी ओर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेसी नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा ट्रैक्टर पर बैठकर महिलाओं द्वारा ट्रैक्टर खिंचवाया जा रहा था, जो शर्मनाक है. बीजेपी महिला मोर्चा ने जिला स्कूल से मार्च निकाला जो अल्बर्ट एक्का चौक से होते हुए प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय पहुंचा.
पूरे मामले पर कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी महिला मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का गुलाब के फूलों से स्वागत करते नज़र आए. कोई बिस्किट तो कोई चिप्स खिलाने की कोशिश करता रहा, लेकिन बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता जोरदार नारेबाजी करती नज़र आईं. पूरे मसले पर कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दुबे ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने और प्रोटेस्ट करने का अधिकार है, लेकिन पार्टी ऑफिस में प्रदर्शन करने का यह ट्रेंड बीजेपी ने शुरू किया है.
कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जिस प्रकार से एक महिला के साथ बंधुआ मजदूर से भी बुरा व्यवहार किया उसके विरोध में आज भाजपा महिला मोर्चा,झारखण्ड के द्वारा राँची में कांग्रेस कार्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. pic.twitter.com/0jqqoKmkv3
— Rahul Awasthi (@irahulawasthi) March 11, 2021

Rounak Dey
Next Story