भारत

कांग्रेस नेता सचिन पायलट जल्द भाजपा में होंगे शामिल, बीजेपी के बड़े नेता ने कही ये बात

jantaserishta.com
8 Aug 2021 9:51 PM IST
कांग्रेस नेता सचिन पायलट जल्द भाजपा में होंगे शामिल, बीजेपी के बड़े नेता ने कही ये बात
x
बड़ी खबर

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एपी अब्दुल्लाकुट्टी ने रविवार को यहां कहा कि कांग्रेस नेता सचिन पायलट अच्छे नेता हैं और वह अपने कुछ साथियों की तरह जल्द ही भाजपा में शामिल हो जाएंगे। अब्दुल्लाकुट्टी ने यह बयान ऐसे समय पर दिया है जब कांग्रेस में सचिन पायलट का खेमा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खेमे से नाराज चल रहा है। पिछले साल पायलट ने बगावत कर दी थी और उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मना लिया था।

अब्दुल्लाकुट्टी ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा, ''सचिन पायलट अच्छे नेता हैं। मेरा ऐसा मानना है कि वह भी भविष्य में जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे।'' अब्दुल्लाकुट्टी यहां भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में शामिल होने आए थे।
पायलट के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तब भी लगी थीं, जब एक साल पहले उनके नेतृत्व में कुछ विधायकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व के खिलाफ बगावती तेवर अपनाए थे। हालांकि पायलट ने इस तरह की किसी भी संभावना को खुद सिरे से खारिज किया है। इसी साल जून में भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी ने कहा था कि उन्होंने कथित तौर पर नाराज चल रहे कांग्रेस नेता से भाजपा में शामिल होने के बारे में बात की थी। इस पर तंज कसते हुए पायलट ने कहा था, ''हो सकता है कि भाजपा की नेता ने सचिन तेंदुलकर से बात की हो और बहुगुणा में उनसे बात करने की हिम्मत नहीं है।''
अब्दुल्लाकुट्टी ने कहा कि यह झूठ है कि भाजपा मुसलमानों के खिलाफ है। उन्होंने कहा, ''यह झूठ है कि भाजपा मुसलमानों के खिलाफ है। हमारे आदरणीय आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) प्रमुख (मोहन भागवत) स्पष्ट रूप से कह चुके हैं कि मुस्लिम और हिंदू एक हैं और उनका डीएनए भी एक ही है।'' वहीं कांग्रेस नेताओं ने अब्दुल्लाकुट्टी के बयान की आलोचना की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व अध्यक्ष आबिद कागजी ने अब्दुल्लाकुट्टी के बयान को गुमराह करने वाला करार दिया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story