
x
देखें VIDEO
Bikaner बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत और माला पहनाने के बहाने उन्हें चुनाव कार्यालय के बाहर बुलाया और टिकट नहीं मिलने को लेकर सवाल करते हुए थप्पड़ और मुक्कों से हमला कर दिया। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
राजस्थान –
— Sachin Gupta (@Sachingupta) September 2, 2026
बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल को कार्यकर्ताओं ने पीटा !!
कुछ लोगों ने माला पहनाने के बहाने उन्हें चुनाव कार्यालय के बाहर बुलाया। पूछा कि मुझे टिकट क्यों नहीं दिया। फिर चार लोगों ने पिटाई शुरू कर दी। राजस्थान में निकाय चुनाव होने वाले हैं। pic.twitter.com/wFcj1B7za9
टिकट नहीं मिलने से नाराज था कार्यकर्ता
जानकारी के मुताबिक, मदन गोपाल मेघवाल बुधवार को वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस प्रत्याशी नवरतन डागा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान मोहित अरोड़ा और उसके तीन साथी मेघवाल के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले माला पहनाने और स्वागत करने के बहाने उन्हें बाहर बुलाया। इसके बाद मोहित अरोड़ा ने कथित तौर पर मेघवाल से सवाल किया कि उसे चुनाव का टिकट क्यों नहीं दिया गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चार लोगों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट शुरू कर दी।
स्वागत के बहाने बुलाकर हमला करने का आरोप
मदन गोपाल मेघवाल ने बताया कि मोहित अरोड़ा पिछले दो दिनों से उनके आसपास घूम रहा था और वार्ड नंबर 50 से टिकट की मांग कर रहा था। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मोहित पार्टी कार्यालय आया था, जहां उन्होंने दुपट्टा पहनाकर उसका स्वागत भी किया था। मेघवाल के मुताबिक, बुधवार को वह अपने कुछ दोस्तों के साथ वार्ड कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचा। कार्यक्रम के दौरान वह पीछे खड़ा होकर कांग्रेस पार्टी के समर्थन में नारे भी लगा रहा था। इसके बाद उन्हें बाहर बुलाया गया और पहले मुंह मीठा कराया गया।
‘टिकट किसी एक को ही मिलता है’
मेघवाल ने आरोप लगाया कि बाहर बुलाने के बाद मोहित ने उनसे पूछा कि उसे टिकट क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने जवाब दिया कि पार्टी में कई लोग टिकट मांगते हैं, लेकिन टिकट किसी एक प्रत्याशी को ही दिया जा सकता है। इसी जवाब के बाद अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर कांग्रेस कार्यकर्ता थे। मेघवाल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी ने गुंडागर्दी करने वालों को टिकट नहीं दिया है।
निकाय चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल
राजस्थान में निकाय चुनाव होने वाले हैं। ऐसे समय में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के साथ कथित मारपीट की घटना ने पार्टी के अंदर टिकट वितरण को लेकर नाराजगी और विवाद को सामने ला दिया है। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
Next Story





