भारत

सऊदी अरब में भारतीयों की बढ़ी चिंता, दो की हालत गंभीर, कई उड़ानें रद्द

SHIDDHANT
16 Oct 2026 10:04 PM IST
सऊदी अरब में भारतीयों की बढ़ी चिंता, दो की हालत गंभीर, कई उड़ानें रद्द
x
रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में 10 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हमले में घायल हुए भारतीय नागरिकों में से दो अभी भी आईसीयू में भर्ती हैं। भारतीय दूतावास ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को नई एडवाइजरी जारी कर यह जानकारी दी। दूतावास के अनुसार, एक भारतीय नागरिक हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) और तीन अन्य सामान्य वार्ड में उपचाराधीन हैं।
रियाद एयरपोर्ट बंद, कई उड़ानें प्रभावित
भारतीय दूतावास के मुताबिक, रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन फिलहाल बंद है।
हालांकि, दम्माम, जेद्दा और मदीना के हवाई अड्डों पर उड़ानें संचालित हो रही हैं, लेकिन वहां भी कुछ सेवाएं प्रभावित हैं।
दूतावास ने यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइंस से उड़ानों की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है।
भारतीयों के लिए दूतावास ने जारी की चेतावनी
दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि किसी भी हवाई हमले की स्थिति में नागरिक घरों के अंदर रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। इसके अलावा मिसाइल और ड्रोन हमलों तथा उनके प्रभाव से संबंधित तस्वीरें, वीडियो या जानकारी रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने को कहा गया है। ऐसी गतिविधियां सऊदी कानून के तहत कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकती हैं।
एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानें निलंबित
मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन बढ़ा दिया है।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 20 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द की हैं। इंडिगो ने 24 अक्टूबर तक सेवाएं निलंबित की हैं।
वहीं, आकासा एयर ने रियाद के लिए 24 अक्टूबर और जेद्दा के लिए 21 अक्टूबर तक उड़ानें रोक दी हैं।
दूसरे देशों के रास्ते भारत लौटने का विकल्प
दूतावास ने कहा है कि जिन भारतीय नागरिकों को तत्काल सऊदी अरब छोड़ना जरूरी है, वे बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते यात्रा करने पर विचार कर सकते हैं।
हालांकि, इसके लिए संबंधित देशों में प्रवेश के आवश्यक वीजा और अन्य दस्तावेज होना जरूरी है।
सऊदी एयरलाइंस दम्माम, जेद्दा और मदीना से भारत के लिए निर्धारित उड़ानें जारी रखे हुए है। फ्लाईनास भी दम्माम से लखनऊ के बीच सेवाएं संचालित कर रही है।
उमराह यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
भारतीय दूतावास ने उमराह के लिए सऊदी अरब जाने की योजना बना रहे यात्रियों से भी सावधानी बरतने को कहा है।
दूतावास ने चेताया कि उड़ानें रद्द होने या हवाई अड्डों पर रुकावटों के कारण यात्रियों को निर्धारित समय से अधिक दिनों तक वहां रुकना पड़ सकता है।
भारत के राजदूत विपुल ने भारतीय समुदाय से शांत और सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंद भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास उपलब्ध है।
Next Story