भारत
सेंट्रल जेल से निकलकर शख्स ने कहा- अंदर होते है कई अवैध कारोबार
Shantanu Roy
5 April 2024 10:09 PM IST

x
जांच में होगा बड़ा खुलासा
ग्वालियर। ग्वालियर सेंट्रल जेल के अंदर ₹600 का बीड़ी का बंडल मिल रहा है और ₹500 की सिगरेट मिल रही है. इतना ही नहीं, साढ़े चार सौ रुपए की तंबाकू और ढाई सौ रुपए की गुटखा राजश्री मिल रही है. यह आरोप ग्वालियर सेंट्रल जेल से छूटकर आए मलखान लोधी ने एक वीडियो वायरल करते हुए ग्वालियर सेंट्रल जेल के प्रबंधन पर लगाए हैं. दरअसल ग्वालियर की सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो बनाने वाले शख्स ने अपना नाम मलखान लोधी बताया. मलखान ने बताया कि वह ग्वालियर के जलालपुर का रहने वाला है.
इसके बाद वीडियो में आगे कहा, कि वह जेल के संबंध में जानकारी देना चाहता है. इस वक्त जेल के अंदर दो लोग पावरफुल हैं, जिसमें से एक प्रशासनिक जेलर अनिरुद्ध सिंह नरवरिया हैं, तो दूसरा जेल का सिपाही रोहित शर्मा है. प्रशासनिक जेलर के हाथ में जेल का पूरा कंट्रोल रहता है. जेल अधीक्षक बहुत सीधे सच्चे और ईमानदार हैं जो गरीब लोगों की सुनवाई करते हैं, जिनको जेल के अंदर भरपेट खाना नहीं मिलता उन्हें अतिरिक्त खाना भी दिलवाते हैं, लेकिन प्रशासनिक जेलर के संरक्षण में अवैध वसूली का खेल चल रहा है.
मलखान लोधी ने अपने वीडियो में आरोप लगाते हुए कहा है, अंडर ट्रायल में जेल के अंदर पहुंचने वाले मुलजिमों से अवैध वसूली की जाती है, अगर कोई मध्यम वर्ग का व्यक्ति होता है तो उस से ₹10000 लिया जाता है और अगर कोई पैसे वाला व्यक्ति होता है तो उस से ₹100000 से लेकर ₹5 लाख तक की वसूली की जाती है. आगे कहा है कि यह पूरा अवैध कारोबार प्रशासनिक जेलर अनिरुद्ध सिंह नरवरिया और सिपाही रोहित शर्मा की मिली भगत से चल रहा है. मलखान ने वीडियो के माध्यम से मीडिया से अनुरोध किया है कि वह इस मामले में करवाई करवाए. इसके साथ ही कहा है कि उसके ऊपर यह खुलासा करने पर अगर कोई कार्रवाई होती है तो हो जाए, उसे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, लेकिन अगर कोई उस से सबूत मांगेगा तो वह सबूत भी उपलब्ध करवा देगा.
Next Story





