
x
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मिनी सचिवालय में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अंजिल राजोरिया एवं जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण दास की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन को रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. उन्होंने उत्पाद एवं पुलिस अधिकारियों की सतत गश्त, शराब वितरण, अवैध हथियार आदि के संबंध में निर्देश दिये। जिला निर्वाचन अधिकारी राजोरिया ने भी सभी अधिकारियों से सूचनाएं तत्परता से साझा करने को कहा।
उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने यह भी कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पेट्रोल पंप संचालक प्लास्टिक की बोतलों में ज्वलनशील पदार्थ न बेचे। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण दास ने जिले में स्वतंत्र, पारदर्शी, भयमुक्त एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए शराब, अवैध हथियार, नकदी एवं संदिग्ध तत्वों के वितरण पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिये. उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर आबकारी विभाग अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर कड़ी नजर रखे. बैठक में उपवन संरक्षक हरिकिशन सारस्वत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारीलाल मीना, उपखण्ड अधिकारी प्रतापगढ़ राजेश कुमार नायक, उपखण्ड अधिकारी धरियावद कपिल सिंह कोठारी, तहसीलदार चुनाव दिशा गांधी, चुनाव शाखा से गोकुल सिंह कानावत, राधेश्याम मीना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Next Story





