भारत

दिल्ली में शीत लहर जारी, देखें अक्षरधाम की तस्वीरें

Nilmani Pal
7 Jan 2023 2:00 AM GMT
दिल्ली में शीत लहर जारी, देखें अक्षरधाम की तस्वीरें
x

दिल्ली। दिल्ली में लगातार शीत लहर का प्रकोप जारी है और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आया नगर में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सर्दी का सितम जारी है, वहीं जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ सुधार होने से घाटी में भीषण सर्दी से कुछ राहत मिली है। दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो डलहौजी (8.7 डिग्री से.), धर्मशाला (5.4 डिग्री से.), शिमला (6.2 डिग्री से.), देहरादून (4.4 डिग्री से.), मसूरी (6.4 डिग्री से.) और नैनीताल (6.5 डिग्री से.) से भी कम है।

उत्तर-पश्चिम भारत और देश के मध्य तथा पूर्वी हिस्सों में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 30 उड़ानों और कम से कम 26 ट्रेनों को दिल्ली पहुंचने में देरी हुई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई। दिल्ली में लोधी रोड, आयानगर और रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस, 1.8 डिग्री सेल्सियस और 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बर्फीली हवाओं से शुक्रवार को भी पूरा उत्तर प्रदेश ठिठुरता रहा। बीते 24 घंटों में के दौरान प्रदेश के कानपुर व अयोध्या सबसे ठण्डे स्थान रहे जहां रात के तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर और आसपास के जिलों में शुक्रवार को 29 लोगों की सर्दी के कारण मौत हो गई।। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल अगले तीन दिन तक ठिठुरन भरी कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली है। तीन दिन बाद रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, दिन में धूप भी निकलेगी। मगर उसके बाद नौ से 11 जनवरी के बीच उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की वजह से चलने वाली पश्चिमी सर्द हवा यूपी के जनजीवन पर भी असर डालेंगी। दिन व रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का सितम और बढ़ेगा।


Next Story