भारत

मंडी शहर में दुकान के आटे में मिले कॉकरोच

Shantanu Roy
6 Nov 2026 9:57 PM IST
मंडी शहर में दुकान के आटे में मिले कॉकरोच
x
मंडी। मंडी शहर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बस स्टैंड की एक दुकान में खाद्य पदार्थ तैयार करने के लिए गूंथे गए आटे में कॉकरोच पाए गए। यानी जिस आटे से लोगों के खाने के लिए खाद्य सामग्री तैयार की जानी थी, उसी में कीड़े रेंग रहे थे। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान यह गड़बड़ पकड़ी और मौके पर ही दूषित आटे को नष्ट करवा दिया। विभाग की कार्रवाई में खराब पनीर और सब्जियां भी बरामद हुईं। कुल छह दुकानदारों के चालान काटे गए हैं, जिन्हें आगामी कार्रवाई के लिए एडीएम कोर्ट भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंडी शहर के बस स्टैंड में अचानक छापेमारी कर दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की। इस दौरान एक दुकान में गूंथे हुए आटे में कॉकरोच मिलने से खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आटे को नष्ट करवाया और संबंधित दुकानदार का चालान काटा। छापेमारी के दौरान टीम को पांच किलो पनीर भी मिला, जिसे इस्तेमाल के योग्य नहीं पाया गया। इस कार्रवाई ने शहर में खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई और सुरक्षित रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि विभाग किसी भी सूरत में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलावाड़ नहीं सहेगा। आने वाले समय में छापेमारी जारी रहेगी।
Next Story